• शिवभक्तों पर महापौर व नगरायुक्त ने की पुष्पवर्षा, कांवड़ यात्रा के लिए चाक-चौबंद तैयारियां
• पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़, डीएम दीपक मीणा, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित जनप्रतिनिधियों की अपील- “श्रद्धा, सुरक्षा और सुविधा की त्रयी से सम्पन्न हो पावन यात्रा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। सावन की महिमा और शिवभक्तों की आस्था के संग शहर का प्रशासन भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सहभागी बना हुआ है। कांवड़ यात्रा को पूर्णत: सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धा से परिपूर्ण रखने के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने सोमवार को न केवल कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया, बल्कि श्रद्धालुओं के स्वागत में पुष्पवर्षा कर यह साबित कर दिया कि शासन, प्रशासन और जनता एक ही आस्था के सूत्र में बंधे हैं। मेरठ रोड तिराहा और श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर स्थित कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़, जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने यात्रा के दौरान की जा रही व्यवस्थाओं का स्थलीय जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ शब्दों में यह संदेश दिया कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जनभावनाओं का उत्सव है, जिसे शासन की पूर्ण जिम्मेदारी के साथ सम्पन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसी भावनात्मक वातावरण में नगर निगम गाजियाबाद द्वारा एक विशेष आयोजन किया गया, जिसमें महापौर सुनीता दयाल, पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी व नगरायुक्त सहित वरिष्ठ अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कांवडिय़ों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। यह दृश्य भक्तों के लिए एक आशीर्वाद की वर्षा जैसा अनुभव बना, जब आकाश से फूलों की वर्षा और चारों ओर “हर हर महादेव” के गूंजते जयकारे वातावरण को शिवमय कर रहे थे। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर जे. रविन्द्र गौड़ ने स्पष्ट कहा कि शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधा और शांति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस विभाग को विशेष सतर्कता बरतने, भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त फोर्स की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनके अनुसार हर शिवभक्त की यात्रा, उनकी श्रद्धा और विश्वास की रक्षा करना प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने भी पूरी संजीदगी से यात्रियों के लिए बनाई जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा की और कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को अत्यंत सुगम और बाधारहित बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मार्गों की सफाई, रात्रि प्रकाश, चिकित्सा सुविधा, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था में कोई कमी न छोड़ी जाए। डीएम ने दो टूक कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरा प्रशासनिक अमला पूरी निष्ठा के साथ तत्पर है। नगरायुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल ने भी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा की पवित्रता, भक्ति और अनुशासन को बनाये रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ शीघ्र पूरी की जाएं। इस निरीक्षण और पुष्पवर्षा के आयोजन के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, जीडीए, सिविल डिफेंस और अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपनी सक्रियता और समर्पण से यह सुनिश्चित किया कि यह यात्रा श्रद्धा के साथ-साथ संवेदनशील प्रशासनिक सहयोग की मिसाल भी बने।
महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में पुष्पवर्षा का आयोजन, सफाई मित्रों को भी मिला सम्मान, शहर विधायक व शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों ने साझा किया यह ऐतिहासिक पल सावन की भक्ति में डूबा हुआ है और नगर निगम ने इस बार कांवड़ महोत्सव को महज एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, सौहार्द और समर्पण के महायज्ञ में बदल दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक और महापौर सुनीता दयाल के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा आयोजित भव्य पुष्पवर्षा कार्यक्रम में शहर की सड़कों पर श्रद्धा की वर्षा उतरी, और इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना हर व्यक्ति भावविभोर हो उठा। नगर निगम के सभी पार्षदों, अधिकारियों और सफाई मित्रों ने इस आयोजन में सेवा भाव से भागीदारी निभाई। शहीद स्थल मेट्रो स्टेशन के निकट आर्मी टैंक के पास हुए इस कार्यक्रम में कंधे पर कांवड़ लेकर गुजरते श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया, जिसे देख पूरा वातावरण शिवमय हो उठा।
हर-हर महादेव के नारों और फूलों की बारिश के बीच श्रद्धालु भावविभोर हो गए और इस स्नेहिल सम्मान को भगवान शिव का आशीर्वाद मानते हुए आगे बढ़े। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुनीता दयाल ने की, जिनके साथ शहर विधायक संजीव शर्मा, पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़, जिलाधिकारी दीपक मीणा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार समेत वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नगर निगम परिवार के समस्त पार्षद उपस्थित रहे। यह दृश्य न केवल श्रद्धा और सेवा का उत्सव था, बल्कि यह इस बात का प्रमाण था कि जब प्रशासन और जनप्रतिनिधि मिलकर समाज के लिए एक संकल्प लेते हैं, तो परिणाम ऐतिहासिक बनते हैं। महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने विशेष रूप से उन सफाई मित्रों का सम्मान और उत्साहवर्धन किया, जो कांवड़ यात्रा की पवित्रता को बनाए रखने के लिए लगातार अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन पर भी फूल बरसाकर यह संदेश दिया गया कि सेवा के प्रत्येक कर्मवीर का सम्मान समाज का दायित्व है।
महापौर ने इसे नगर निगम की एकजुटता, सेवा भावना और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बताया और कांवड़ यात्रा की सफलता के लिए सभी को शुभकामनाएं दीं। नगर आयुक्त ने बताया कि नगर निगम हर वर्ष की भांति इस बार भी पूरी संजीदगी से यात्रा की व्यवस्थाओं में जुटा है, और इस वर्ष यह महोत्सव पहले से कहीं अधिक भव्यता, व्यवस्था और सेवा भावना के साथ संपन्न हो रहा है। उनका यह कहना कि गाजियाबाद नगर निगम इस आयोजन को एक परिवार की तरह मना रहा है, सचमुच इस प्रयास की आत्मा को प्रतिबिंबित करता है। कांवडिय़ों की राहों में फूल बिछाना और पुष्पवर्षा करना एक प्रतीक बन गया एक ऐसा प्रतीक, जो यह बताता है कि जब श्रद्धा को सम्मान मिलता है और सेवा को गरिमा, तब समाज में विश्वास और सौहार्द का दीपक जलता है। गाजि़याबाद नगर निगम ने इस बार सिर्फ फूल नहीं बरसाए, बल्कि श्रद्धा, सहभागिता और संस्कारों की बारिश कर दी।




















