मेयर ने सुनी जनता की फरियाद, पार्षदों से जाना वार्ड का हाल

गाजियाबाद। शपथ के बाद नगर निगम की कमान संभालते ही मेयर सुनीता दयाल ने शनिवार को अपने कार्यालय में बैठकर जन समस्याएं सुनी और अधिकारियों के साथ बैठक की। साथ ही शहर का निरीक्षण भी किया। जिससे शहर में विकास की योजनाओं को गति मिल सकें। अपने कार्यालय में पार्षदो एवं शहर की जनता से मिली और उनके वार्डो का हाल जाना।

साथ ही पार्षदों के साथ बैठकर वार्ड में आगामी ऋतु काल में होने वाले जलभराव एवं नाले सफाई की व्यवस्था का हाल जाना। पार्षदों से वार्ड में निरंतर दौरा करने एवं विकास कार्यो को गति देने की बात कही। पार्षदों ने बताया कि शपथ ग्रहण के उपरांत से लगातार वार्डो में दौरा चल रहा है और वार्ड की भौगोलिक स्थिति का जायजा भी लिया जा रहा है। ससमय वार्डो के विकास कार्यो को लेकर कार्य किया जाएगा।

जनता द्वारा मेयर को अपनी अपनी शिकायत बताई गई। जिस पर मेयर ने आश्वस्त किया कि जल्द ही शहर की समस्याओं के निस्तारण के लिए कार्य शुरू होगा। इस दौरान पार्षद राजीव शर्मा, पार्षद नीरज गोयल, पार्षद शीतल देवल, राम सिंह जैन, मनोज मिश्रा, हिमांशु शर्मा, उमेश एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।