जीडीए इंजीनियर के साथ शराब के नशे में गैराज मालिक ने की मारपीट, हंगामा

उदय भूमि
गाजियाबाद। सिहानी गेट थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहिया नगर स्थित एक गैराज के मालिक ने शराब के नशे में लोहिया नगर में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अवर अभियंता के साथ मारपीट कर दी। अवर अभियंता के साथ गाली-गलौच और मारपीट करते हुए उनका चश्मा भी तोड़ दिया। इस मामले की अन्य इंजीनियरों को पता चला तो वह सिहानी गेट थाने पर एकत्र हो गए। जीडीए और पीडब्ल्यूडी के सैकड़ों इंजीनियर सिहानी गेट थाने पहुंचे। इंजीनियरों ने थाने पर हंगामा करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। जीडीए के अवर अभियंता अखिल मिश्रा ने तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। विकास प्राधिकरण डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब तीन बजे जीडीए के अवर अभियंता अखिल वर्मा लोहियानगर स्थित लोक निर्माण विभाग के कार्यालय एकता भवन में द्विवार्षिक अधिवेशन डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ में भाग लेने के आए थे।

अवर अभियंता अखिल वर्मा ने अपनी कार लोहिया नगर स्थित गैराज बंद होने के चलते दुकान के सामने खड़ी कर दी। तभी शराब के नशे में धुत गैराज मालिक जितेंद्र अपने साथियों के साथ आया और इंजीनियर को कार हटाने के लिए कहने लगा। इंजीनियर ने थोड़ी देर में कार हटाने की बात कहने पर जितेंद्र ने इंजीनियर अखिल वर्मा के साथ गाली-गलौच कर दी। उन्होंने समझाने का प्रयास किया तो वह मारपीट करने लगा। इंजीनियर का शराब के नशे में आरोपी ने चश्मा भी तोड़ दिया। विरोध करने पर चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान अधिवेशन मेें आए अन्य इंजीनियर भी सड़क पर आ गए। उन्होंने अवर अभियंता अखिल वर्मा को जैसे-तैसे करके बचाया।

इंजीनियरों ने तत्काल सिहानी गेट पुलिस को फोन कर मौके पर बुलाया। उसके बाद सिहानी गेट थाना पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने में ले गई। जीडीए के अवर अभियंता अखिल वर्मा ने आरोपी जितेंद्र के खिलाफ जानलेवा हमला करने की तहरीर देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई। सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक सचिन कुमार बालियान का कहना है कि आरोपी जितेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी शराब के नशे में है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।