उदय भूमि
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के आदेश के क्रम में सोमवार को लोनी क्षेत्र में 8 अवैध कॉलोनियों और 4 दुकानों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 की प्रभारी के निर्देशन में सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं जीडीए पुलिस और लोनी थाना पुलिस की मौजूदगी में यह ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
जीडीए प्रवर्तन जोन-8 प्रभारी की उपस्थिति मे लोनी क्षेत्र में शगुन मैरिज होम के पास प्रेम नगर में अवैध कॉलोनी में अवैध रूप से किए जा रहे 4 दुकानों के निर्माण जो प्रारंभिक अवस्था में थे। इन्हें बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इसके अलावा अवैध कॉलोनी में 12 भूखंडों की बाउंड्रीवाल को तोड़ा गया। इनके अलावा इलायचीपुर गांव के पास पूर्व निर्मित 5 अवैध कॉलोनियों में साईट ऑफिस, भूखंडों की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त किया गया।
इसके उपरांत पुस्ता रोड किनारे पूर्व निर्मित अवैध कॉलोनी बदरपुर (मीरपुर हिंदू) की 3 अवैध कॉलोनियों में भूखंडों की बाउंड्रीवाल का बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इस दौरान यह भी निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई नियमित रूप से आगे भी जारी रहेगी। आमजन को आगाह किया गया कि किसी भी अवैध कॉलोनी मे भवन-भूखंड का क्रय-विक्रय न करें।

















