घुटना प्रत्यारोपण आपरेशन के बाद डिस्चार्ज हुए केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय

गाजियाबाद। यशोदा सुपर स्पेशलिस्ट अस्पताल कौशांबी में 18 फरवरी से भर्ती केंद्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय बुधवार को डिस्चार्ज हो गए। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री ने अस्पताल के सीएमडी डॉ पीएन अरोड़ा का आभार प्रकट किया और हॉस्पिटल के डॉक्टरों, नर्सों और स्टाफ का भी उनका अच्छे से ध्यान रखने के लिए धन्यवाद किया। डिस्चार्ज होते ही उन्होंने अस्पताल परिसर में लगे सांई बाबा की पूजा अर्चना भी की। उन्होंने हॉस्पिटल की फिजियोथिरैपी टीम एवं डायटीशियन टीम की भी बहुत तारीफ की। केन्द्रीय मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि वह अब पहले से अच्छा महसूस कर रहे हैं और घुटना प्रत्यारोपण के बाद चल फिर भी पा रहे हैं। यह सब यशोदा के सीएमडी एवं उनके नेतृत्व में उपचार करने वाले कुशल डॉक्टर, स्टॉफ एवं नर्स की बदौलत ही हुआ हैं।

केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री महेंद्र नाथ पांडे के बाएं पैर में घुटने का दर्द लगातार बढ़ रहा था। उन्हें चलने फिरने में भी दिक्कत महसूस होती थी। घुटने की सर्जरी के लिए वह 18 फरवरी को अस्पताल में भर्ती हुए थे। 19 फरवरी को डॉ महेंद्र नाथ पांडेय का घुटना प्रत्यारोपण आपरेशन हुआ, उसके बाद से वह अस्पताल में भर्ती थे।
सीएमडी डॉ पीएन अरोड़ा ने बताया डॉ महेंद्र नाथ पांडेय का हॉस्पिटल में सफल घुटना प्रत्यारोपण हुआ और जिस के बाद वह चल फिर भी पा रहे हैं। इलाज कर रहे डॉक्टरों की टीम ने बताया उनकी रिकवरी अच्छी हुई है। डिस्चार्ज के दौरान महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पप्पू पहलवान मौजूद रहे।