रात में बिना लाइसेंस के शराब पिलाने के साथ करता था तस्करी

-अवैध शराब समेत होटल मालिक गिरफ्तार, यूपी शराब के पव्वे बरामद

गाजियाबाद। जनपद में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की सख्ती के बाद भी कुछ ढाबा संचालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे है। आबकारी विभाग के राजस्व को चूना लगाकर अपनी जेब गरम कर रहे है। बिना लाइसेंस के चोरी छिपे विभाग के राजस्व को चूना लगाने वाले ढाबा संचालक को गिरफ्तार किया है। जिसके कब्जे से आबकारी विभाग की टीम ने यूपी शराब के पव्वे बरामद किया है। पकड़ा गया ढाबा मालिक इतना बड़ा शातिर है कि होटल पर ही ग्राहकों को शराब बेचने के साथ उन्हें पीने की भी सुविधा देता था। साथ ही बिना फूड लाइसेंस के होटल का संचालन भी करता था। बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग ने अपना अभियान और तेज कर दिया है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें रात में देर रात खुले होटल और ढाबों की निगरानी तेज कर दी है। साथ ही होटल पर अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जनपद में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें अपने-अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर छापेमारी एवं दबिश दे रही है। शुक्रवार रात को आबकारी निरीक्षक मनोज शर्मा की टीम द्वारा थाना- क्रॉसिंग रिपब्लिक अन्तर्गत अकबरपुर बहरामपुर में दबिश एवं छापेमारी की कार्रवाई की गई। इस दौरान होटल पर चेकिंग की गई। होटल पर कुछ लोग अवैध रूप से शराब पीते हुए दिखाई दिए। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची तो शराब पी रहे लोग मौके से फरार हो गए।

जब होटल मालिक जगदीश सिंह पुत्र नत्थी सिंह निवासी मोहल्ला सूर्य नगर दीप गली जिला बुलंदशहर से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो वह दिखा नहीं पाया। टीम ने जब होटल की तलाशी ली तो होटल से 30 पव्वे देशी शराब मिस इंडिया ब्रांड (फॉर सेल इन उत्तर प्रदेश ओनली) व 20 खाली पव्वे बरामद किया गया। होटल मालिक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। उन्होंने बताया पकड़ा गया होटल मालिक बिना लाइसेंस के शराब पिलाने के साथ-साथ शराब तस्करी भी कर रहा था। जांच में पता चला कि बिना फूड लाइसेंस के अवैध रूप से होटल का संचालन कर रहा था। बिना लाइसेंस के अवैध रूप से होटल व ढाबों पर शराब का सेवन कराने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम को रात में अभियान चलाकर कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए है।