-नगर निगम ने पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए सर्वे किया शुरु
गाजियाबाद। नगर निगम ने मोहन नगर जोन क्षेत्र में जहां पर पानी की दिक्कत है, वहां का पेयजल आपूर्ति सुधारने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है। निगम के जलकल विभाग उन वार्डों का सर्वे करा रहा हैं जहां पर सबसे ज्यादा पानी की दिक्कत है। नगर निगम की योजना है कि जिन वार्डों में सिर्फ सुबह के वक्त पानी मिल रहा है, वहां रैनीवाल से शाम के वक्त भी पर्याप्त पानी की आपूर्ति की जाए। मोहन नगर जोन में पानी की सबसे ज्यादा किल्लत रहती है। यहां का भूजल भी पीने योग्य नहीं है। इस वजह से कुछ क्षेत्रों में गंगाजल की सप्लाई की जा रही है। वहीं रैनीवाल से भी पानी पहुंचाया जा रहा है। इसके बावजूद लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा।
रैनीवाल से जिन वार्डों में पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। वहां सिर्फ सुबह के वक्त ही पानी मिल पाता है। शाम के वक्त लोगों को पानी नहीं मिलता। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। लोग जलकल विभाग से पानी संकट दूर करने की मांग कर रहे हैं। जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि मोहन नगर जोन क्षेत्र में पानी का संकट दूर किया जाएगा। इसके लिए सर्वे का काम शुरू कर दिया गया है। मोहन नगर जोन क्षेत्र के वार्ड-5, वार्ड-22 और वार्ड-29 में फिलहाल सबसे ज्यादा पानी का संकट है। इन तीनों वार्डों में सबसे पहले रैनीवाल से पानी पहुंचाने का इंतजाम कराया जाएगा। इसके बाद अन्य वार्डों में काम किया जाएगा। इस तरह मोहन नगर जोन से पानी संकट दूर करने की योजना हैं।
















