दीपावली पर यमुना प्राधिकरण करेगा योजनाओं की बरसात ग्रुप हाउसिंग, कामर्शियल और पेट्रोल पंप की स्कीम होगी लांच

आवासीय भूखंड स्कीम की आपार सफलता से उत्साहित यमुना प्राधिकरण दीपावली पर कई और स्कीम लांच करेगा। प्राधिकरण द्वारा स्कीम लांच करने की तैयारी तेजी से चल रही है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के नेतृत्व में समयबद्धता और गुणवत्ता यमुना प्राधिकरण की कार्य प्रणाली का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जिस तरह से विकास कार्य हो रहे हैं और प्राधिकरण की बढ़ती साख का परिणाम है कि वर्तमान यमुना सिटी क्षेत्र लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। योजना को समय से पूरा करने, लोगों को समय पर पोजेशन देने, स्कीम को लेकर किसी आवंटी को कोई दिक्कत है तो उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने की कार्य पद्धति यमुना को अन्य विकास प्राधिकरणों से अलग करती है। 

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। आवासीय भूखंड स्कीम की आपार सफलता से उत्साहित यमुना प्राधिकरण दीपावली पर कई और स्कीम लांच करेगा। प्राधिकरण द्वारा स्कीम लांच करने की तैयारी तेजी से चल रही है। आवासीय स्कीम की ही तरह अन्य स्कीम सफल रहे इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सबसे पहले पेट्रोल पंप की स्कीम लाई जाएगी। उसके बाद ग्रुप हाउसिंग और कामर्शियल स्कीम लांच होगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में जिस तरह से विकास कार्य हो रहे हैं और प्राधिकरण की बढ़ती साख का परिणाम है कि वर्तमान यमुना सिटी क्षेत्र लोगों की पहली पसंद बना हुआ है। योजना को समय से पूरा करने, लोगों को समय पर पोजेशन देने, स्कीम को लेकर किसी आवंटी को कोई दिक्कत है तो उसे तत्काल प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने की कार्य पद्धति यमुना को अन्य विकास प्राधिकरणों से अलग करती है। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह के नेतृत्व में समयबद्धता और गुणवत्ता यमुना प्राधिकरण की कार्य प्रणाली का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया है। उत्तर प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरण इस मामले में यमुना प्राधिकरण से कोसों दूर है। औद्योगिक निवेशकों के अलावा कामर्शियल निवेशकों को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण जल्द ही कई योजनाएं ला रहा है। दीपावली के आसपास इन योजनाओं की घोषणा कर दी जाएगी।
जानकारी के मुताबिक यमुना प्राधिकरण चार पेट्रोल पंप के भूखंड की योजना निकालेगा। इस योजना की खास बात यह है कि इसमें पेट्रोल पंप के साथ व्यावसायिक कांप्लेक्स बनाये जा सकेंगे। ये पेट्रोल पंप सेक्टर-18, सेक्टर-20 सेक्टर-22 डी और सेक्टर 28 में बनेगा। इसमें डीजल-पेट्रोल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन होंगे। एक पेट्रोल पंप के लिए 3100 वर्ग मीटर जगह आवंटित होगी। इसमें 1600 वर्ग मीटर पर पेट्रोल पंप और 1500 वर्ग मीटर में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा यमुना प्राधिकरण द्वारा व्यावसायिक भूखंडों की एक योजना सेक्टर-22 ए में लाया जाएगा। इसमें 100-100 वर्ग मीटर के 15 भूखंड होंगे। ये समस्त भूखंड 120 मीटर चौड़ी रोड पर सलारपुर अंडरपास के पास है। दोनों योजनाओं में आधार मूल्य 38 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर तय किया गया है। इसके अलावा करीब सात साल बाद यमुना प्राधिकरण ग्रुप हाउसिंग स्कीम लांच करेगा। जिस तरह से यमुना प्राधिकरण के भूखंडों की स्कीम ने सफलता अर्जित की है उससे ग्रुप हाउसिंग स्कीम में भी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ सकती है। ग्रुप हाउसिंग स्कीम में सेक्टर-22 डी में 5 भूखंड हैं। चार भूखंड 12-12 एकड़ के हैं। जबकि एक भूखंड 25 एकड़ का है। इन भूखंडों का आवंटन आॅक्शन के जरिये किया जाएगा।