बड़ा निवेश लाने की तैयारी में यीडा CEO डॉ. अरुणवीर सिंह मेडिटेक एग्जिबिशन के लिए जाएंगे जापान

यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह निवेश लाने के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं। अब वह अप्रैल महीने में जापान जाएंगे। वहां से मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए बड़ी कंपनियों को लाएंगे ताकि मेडिकल उपकरण के मामले में आत्मनिर्भरता आ सके। उनके साथ औद्योगिक विकास राज्य मंत्री और औद्योगिक विकास आयुक्त भी जाएंगे।

उदय भूमि ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह निवेश लाने के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं। अब वह अप्रैल महीने में जापान जाएंगे। वहां से मेडिकल डिवाइस पार्क के लिए बड़ी कंपनियों को लाएंगे ताकि मेडिकल उपकरण के मामले में आत्मनिर्भरता आ सके। उनके साथ औद्योगिक विकास राज्य मंत्री और औद्योगिक विकास आयुक्त भी जाएंगे।
जापान में 17 से 19 अप्रैल तक मेडिटेक एग्जिबिशन होना है। इसमें मेडिकल उपकरण बनाने वाली दुनिया भर की बड़ी कंपनियां हिस्सा लेंगी। इन बड़ी कंपनियों के साथ यमुना प्राधिकरण की वार्ता भी चल रही है। प्राधिकरण इस एग्जीबिशन में हिस्सा लेगा और मेडिकल उपकरण बनाने वाली बड़ी कंपनियों को यमुना प्राधिकरण में लाने का प्रयास करेगा। इस एग्जीबिशन में उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास राज्य मंत्री और औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह भी हिस्सा लेंगे। डॉ. अरुण वीर सिंह ने बताया कि सेक्टर 28 में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। इसमें 70 से अधिक कंपनियों को जमीन आवंटित की जा चुकी है। मेडिकल डिवाइस पार्क में कॉमन फैसिलिटी सेंटर भी बन रहा है। इसके अलावा और कई चीजों पर काम चल रहा है। इस पार्क में कंपनियों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएगी। जापान एग्जीबिशन से यमुना प्राधिकरण में बड़ा निवेश आने की उम्मीद है। इसीलिए इसमें जाने का प्रदेश सरकार ने फैसला लिया है।

350 एकड़ में विकसित हो रहा पार्क
यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-28 में 350 एकड़ में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है। मेडिकल डिवाइस पार्क में 70 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। मेडिकल डिवाइस पार्क में प्रशासनिक ब्लॉक, कॉमन साइंटिफिक फैसिलिटी बिल्डिंग का निर्माण चल रहा है। यह काम बहुत जल्द पूरा हो जाएगा। यमुना प्राधिकरण के अधिकारी लगातार इसकी समीक्षा कर रहे हैं।

इन राज्यों में विकसित हो रहे एमडीपी
कोविड के दौरान स्वास्थ्य क्षेत्र में तमाम सुविधाओं को विकसित करने की सरकार ने कवायद शुरू की थी। खासकर चिकित्सा उपकरण और दवाओं में आत्मनिर्भरता के लिए प्रयास शुरू किए गए। केंद्र सरकार की पहल के बाद तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित होने शुरू हो गए। उत्तर प्रदेश में यमुना प्राधिकरण में मेडिकल डिवाइस पार्क विकसित किया जा रहा है।