4 करोड़ की इंपोर्टेड शराब का जखीरा बरामद, 4 गिरफ्तार

-गाजियाबाद में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, गोदाम मालिक फरार

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में आगामी विधान सभा चुनाव (विस) की सरगर्मी के बीच अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद की गई है। अगले चुनाव को ध्यान में रखकर अवैध शराब को स्टॉक किया जा रहा था। पहले से चौंकन्ने आबकारी विभाग ने शराब माफिया का खेल एकाएक बिगाड़ दिया। गोदाम में गुपचुप तरीके से इंर्पोटिड शराब को स्टॉक करने का खेल चल रहा था। विभिन्न ब्रांड की लगभग 4 करोड़ कीमत की शराब बरामद कर आबकारी विभाग ने शराब तस्करों को साफ संकेत दे दिया है कि गाजियाबाद में वह मनमानी नहीं कर पाएंगे। विस चुनाव के चलते आबकारी विभाग काफी सतर्क है। इसका नतीजा बुधवार को सामने भी आ गया है। विभाग ने एक बार फिर कहा है कि शराब तस्कर बेशक कितनी जुगत भिड़ा लें, मगर वह बच नहीं पाएंगे।

आबकारी विभाग की टीम ने मुरादाबाद जनपद में ओवरसीज शराब के अवैध गोदाम का खुलासा किया था। इसके बाद बुधवार को जनपद गाजियाबाद में भी इस तरह की कार्रवाई देखने को मिली। मेरठ रोड पर मोरटा में ओवरसीज शराब यानि कि इंर्पोटिड शराब का अवैध गोदाम पकड़ा गया। गोदाम से विभिन्न ब्रांड की 4 करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य की शराब बरामद की गई। विभागीय टीम ने मौके से गोदाम मालिक के 4 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। उप्र शासन एवं आबकारी आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी पवन कुमार के निर्देशन में जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं निर्माण पर कार्रवाई की जा रही है। मेरठ जोन के संयुक्त आबकारी आयुक्त महेंद्र सिंह, उप आबकारी आयुक्त आरके शर्मा एवं जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा, अखिलेश बिहारी वर्मा, त्रिभुवन हयांकी, आशीष पांडेय, त्रिवेणी प्रसाद मौर्या, अरूण कुमार, रमाशंकर सिंह, थोक अनुज्ञापन निरीक्षक आशा परिहार, मेरठ के आबकारी निरीक्षक संजीव तिवारी, संजीव कुमार सिंह के साथ मिलकर छापेमारी की।जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मोरटा में अवैध शराब के गोदाम पर छापेमारी की गई। वहां विदेश से आयातित शराब को अवैध तरीके से स्टॉक किया गया था। यह गोदाम दिल्ली निवासी कुणाल चावला का है। मौके से विभिन्न ब्रांड की लगभग 5240 पेटी शराब पकड़ी गई। विदेशी शराब की 4 करोड़ रुपए से अधिक की कीमत है। यह शराब चुनाव में खपाने के मकसद से स्टॉक की गई थी। 4 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रमन जायसवाल निवासी हाना गौर सौंदर्यम गे्रटर नोएडा वेस्ट, रामवीर सिंह पुत्र जगजीत सिंह निवासी भरवारा हरदोई हाल पता कृष्णा विहार कॉलोनी लालकुआं, सुनील कुमार पुत्र रामशरण निवासी मॉली कॉम्पलेक्स चंडीगढ़ व लालजी पुत्र राम बहादुर वर्मा निवासी ग्राम नरी सदर प्रतापगढ़ शामिल हैं। चारों आरोपियों के विरूद्ध आबकारी अधिनियम के तहत थाना नंदग्राम में रिपोर्ट दर्ज कराकर इन्हें जेल भेजा गया। मौके से 2 ट्रक, फोर्ड इकोस्पोर्ट कार, हुंडई कार के अलावा कुल 5240 ओवरसीज शराब की पेटी, 50 खाली बोरी, टेप, रबड़ बैंड, 121 खाली डिब्बे बरामद किए गए। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि गोपनीय सूचना के आधार पर मोरटा में कुणाल चावला के गोदाम पर छापा मारा गया। मौके से भारी मात्रा में इम्पोर्टेड शराब बरामद की गई। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी कस्टम विभाग से कम मूल्य पर इम्पोर्टेड शराब की खरीदारी करते थे। बाद में आरोपी आबकारी विभाग से लाइसेंस लिए बगैर महंगे रेट पर इस शराब को बेचा करते थे। इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।