नगर आयुक्त ने अधिकारियों संग किया औचक निरीक्षण, निर्माण कार्य में देरी होने पर लगाई क्लास
15 दिन के अंदर स्कूलों का संपूर्ण कार्य पूरा करने के दिए निर्देश
गाजियाबाद। अभ्युदया योजना के अंतर्गत स्कूलों में चल रहे कार्यों का बुधवार को नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्माण विभाग की टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। मधुबन बापूधाम गोविंदपुरम, नूर नगर सिहानी स्थित सरकारी स्कूल का जायजा लिया और कार्यों में विलंब होते देखा 15 दिन के अंदर कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी, सहायक अभियंता निर्माण अनूप शर्मा और सिटी जोन की जेई प्रीति बंसल उपस्थिति रही।
नगर आयुक्त ने सिटी जोन जोन नूर नगर सिहानी स्थित स्कूल का जायजा लिया। जिसमें वहां पर उपस्थित अध्यापिकाओं से भी वार्ता की स्कूल को अभ्युदया कंपोजिट विद्यालय बनाई जाने पर प्रशंसा जाहिर की। आधुनिक तकनीकी से बनाए जा रहे स्कूल का लाभ विद्यार्थियों व स्टाफ को मिलेगा। नगर आयुक्त द्वारा अभ्युदया योजना के अंतर्गत स्कूल के अंदर बनने वाले साइंस लैब, स्मार्ट क्लास, बैडमिंटन कोर्ट, स्टाफ रूम, कंप्यूटर लैब, लाइब्रेरी के कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी लेते हुए जायजा लिया। मुख्य अभियंता निर्माण एनके चौधरी को नगर आयुक्त ने 15 दिन के अंदर सभी कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित फर्म के ठेकेदार को भी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। अभ्युदय योजना के क्रम में नूर नगर सिहानी स्थित स्कूल जो की 1 करोड़ 44 लाख और मधुबन बापूधाम गोविंदपुरम स्थित स्कूल लगभग 1 करोड़ 50 लाख की लागत से स्मार्ट बनाया जा रहा है। जिसको बनाने का समय पूर्ण होने पर नगर आयुक्त ने संबंधित फर्म को कड़े निर्देश जारी करने के लिए आवेशित किया। स्कूलों में विशेष रूप से बेंच की व्यवस्था, लाइट की व्यवस्था और शौचालय की व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए।

















