निगम का टैक्स वसूली अभियान तेज, अवकाश के दिन भी लगे कैंप

गगन एंकलेव के सैकड़ों लोगों ने जमा किया लाखों रुपए का हाउस टैक्स

गाजियाबाद। नगरायुक्त डॉ. नितिन गौड़ के नेतृत्व में विकास कार्यों को तेजी देने के साथ-साथ नगर निगम द्वारा राजस्व वसूली बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है। नगर निगम को स्वाबलंबी बनाने के लिए आमदनी बढ़ाने की कवायद की जा रही है। जिन स्त्रोतों से राजस्व वसूली बढ़ सकती है, उस पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। संपत्ति कर से होने वाली आमदनी का नगर निगम के राजस्व में सबसे बड़ा योगदान है। नगर निगम के लिए हाउस टैक्स ही राजस्व वसूली का सबसे बड़ा जरिया है। नगर निगम ने शहर के विकास को गति देने के लिए अवकाश के दिनों में भी लोगों की सहूलियत के लिए कैंप लगाना शुरु कर दिया है।

जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग हाउस टैक्स जमा करें और उन्हें इसके लिए परेशान न होना पड़े। इसके लिए अब नगर निगम के ज्यादातर वार्डो में कैंप लगाकर टैक्स जमा कराया जा रहा हैं। नगर निगम द्वारा वित्तीय वर्ष-2022-23 के 230 करोड़ रुपए के हाउस टैक्स के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 156.99 करोड़ रुपए की वसूली की गई है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए नगर निगम ने टैक्स वसूली को लेकर अभियान छेड़ दिया हैं। साथ ही लोग को टैक्स वसूली के लिए जागरुक भी किया जा रहा हैं। इसी क्रम में रविवार को गगन एनक्लेव में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा की मौजूदगी में कैंप लगाया गया। भाजपा नेता एवं गगन एंकलेव आरडब्लूए अध्यक्ष रघुनदंन भारद्वाज के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने कैंप में पहुंच कर अपना हाउस टैक्स जमा किया।

रघुनदंन भारद्वाज का कहना है कि रविवार को छोड़ अन्य दिनों में लोग अपने कामकाज में व्यस्त रहते हैं। जिसके लिए रविवार को गगन एंकलेव में कैंप लगाया गया। जिससे लोगों को हाउस टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम एवं जोनल कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। सैकड़ों लोगों ने कैंप का लाभ उठाते हुए अपना हाउस टैक्स जमा किया। जिसमें करीब दो लाख अधिक टैक्स जमा किया गया। साथ उन्होंने लोगों से कहा कि हाउस टैक्स का बकाया जमा नहीं करने पर अप्रैल से 12 प्रतिशत ब्याज समेत वसूली की जाएगी। ब्याज से बचने के लिए समय से पूर्व ही अपना हाउस टैक्स जमा करा लें। जल्द ही अगले सप्ताह भी कैंप का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने बताया हमारी कोशिश है कि नगर निगम की आय बढ़े, जिससे शहर के विकास कार्य कराए जा सकें। हाउस टैक्स ही राजस्व का मुख्य जरिया है। इसलिए हम शत प्रतिशत वसूली करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ब्याज से बचने के लिए मार्च 31 तक अपना हाउस टैक्स जमा करा लें। आप घर बैठे भी अपना हाउस टैक्स जमा कर सकते हैं। अपना-अपना हाउस टैक्स जमा कर शहर हित में नगर निगम का सहयोग करें। लोगों की सहूलियत के लिए अवकाश के दिनों में भी कैंप लगाया जा रहा है। जिससे लोगों को हाउस टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम के चक्कर न काटने पड़े। वह या तो घर बैठे ऑनलाइन टैक्स जमा कर सकतें है या फिर घर के आसपास लगने वाले कैंप में भी जमा कर सकते हैं।