गाजियाबाद। स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर निगम द्वारा शहर को और ज्यादा साफ-सुथरा बनाने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। नगर निगम का लक्ष्य भविष्य में अपनी स्वच्छता रैंकिंग में सुधार लाने का है। इसके मद्देनजर धरातल पर काम में सुधार लाने के अलावा नागरिकों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उम्मीद है कि आने वाले समय में इसके बेहतर परिणाम मिलेंगे। सफाईनायकों को भी एसबीएम के मानकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के नोडल प्रभारी डॉ. मिथिलेश कुमार शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने की मुहिम में जुट गए हैं।
वृहद स्तर पर तैयारियां
स्वच्छ भारत मिशन के तहत वृहद स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में प्रतिदिन रोस्टर के अनुसार प्रत्येक जोन में सफाई निरीक्षकों, सफाई नायकों, सफाई कर्मचारियों को एसबीएम मानकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के मुताबिक स्वच्छता के लिहाज से वर्तमान से बेहतर अंक भविष्य में प्राप्त करने को हरसंभव कोशिश की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम के सिटी, विजय नगर तथा कविनगर जोन में सफाई नायकों के साथ बैठक का प्रत्येक सप्ताह का रोस्टर तैयार किया गया है, जिसमें सभी सफाई नायक अपने-अपने क्षेत्र की समस्या भी बता रहे हैं। साथ ही एसबीएम मानकों के प्रति उन्हें जागरूक किया जा रहा है।
कचरे का 4 श्रेणी में पृथक्करण
एसबीएम के नोडल प्रभारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि कचरे का चार श्रेणी में पृथक्करण किया जा रहा है। कचरे को सूखे-गीले, सेनेटरी व हैजडस में अलग-अलग कर एकत्र किया जा रहा है ताकि उनका इस्तेमाल किया जा सके। घरों में भी नागरिकों को कचरा अलग-अलग करके रखने की प्रथा को बनाना, कमर्शियल तथा बाजार में भी जन जागरूकता अभियान चलाकर प्रत्येक दुकानदारों को डस्टबिन का इस्तेमाल करने को प्रेरित किया जा रहा है। दुकानदारों को बताया जा रहा है कि खुले में कचरा डालने की आदत को बदलें। नागरिकों को जागरूक कर कचरा विलोपित बनवाना तथा अन्य ऐसी बातें जिनसे शहरवासियों का नगर निगम को सहयोग मिल सकता है, उन पर चर्चा की जा रही है। नाली तथा नालों की स्थिति के अनुसार सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के साथ-साथ उन पर लगी जालियों का भी ध्यान रखना और जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य चल रहा है। इस कार्य में पार्षदों का भी भरपूर सहयोग नगर निगम को मिल रहा है।















