-
जीडीए ध्वस्तीकरण कार्रवाई का लोगों ने जमकर किया विरोध, पुलिस ने भगाया
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की अनाधिकृत रूप से काटी जा रही अवैध कॉलोनियों को लगातार ध्वस्त करने की कार्रवाई जारी है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की सख्ती के चलते लगातार प्रवर्तन जोन की टीमें अवैध कॉलोनी व निर्माण ध्वस्त कर रही है। इसी क्रम में मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल के नेतृत्व में सहायक अभियंता अनिल शर्मा, अवर अभियंता राजेंद्र सिंह, अवर अभियंता राजीव कुमार ने जीडीए पुलिस व मधुबन बापूधाम थाना पुलिस की मौजूदगी में न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के निकट ग्राम मटियाला में लगभग 95 बीघा जमीन में काटी जा रही 5 अवैध कॉलोनियों को बुलडोजल चलाकर ध्वस्त कर दिया। जीडीए की इस कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए,उन्होंने बुलडोजर के सामने खड़े होकर जमकर हंगामा किया। मगर पुलिस बल ने उन्हें मौके पर शांत करते हुए हटाया।
मंगलवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-3 की टीम ने अशोक जैन,सचिन चौधरी द्वारा न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के निकट ग्राम मटियाला में लगभग 25 बीघा जमीन और नीरज मलिक,योगेश चौधरी आदि गोविंद धाम कॉलोनी निकट ग्राम मटियाला में 22 बीघा जमीन और नीरज मलिक, योगेश चौधरी, अशोक जैन, सचिन चौधरी, सुभाष चौधरी, नरेंद्र चौधरी, आदित्य कुमार,नितिन द्वारा ग्राम मटियाला में लगभग 16 बीघा जमीन और मुकेश वर्मा आदि द्वारा ग्राम मटियाला में लगभग 20 बीघा जमीन और अमित चौधरी व सचिन चौधरी द्वारा फ्रेंड्स कॉलोनी के बगल में ग्राम मटियाला में लगभग 12 बीघा जमीन समेत 95 बीघा जमीन में 5 अनाधिकृत कॉलोनियों में बुलडोजर चलाकर भूखंडों की बाउंड्रीवाल,सड़क खोदने और विद्युत पोल आदि को ध्वस्त कर दिया।
जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं व स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया। मगर जीडीए पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित करते हुए अवैध कॉलोनी ध्वस्त की गई। मौके पर उपस्थित लोगों से यह अपील की गई कि अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों में भूखंडोंं का क्रय-विक्रय न करें।

















