-मधुबन-बापूधाम का व्यवसायिक 1.52 लाख रुपए प्रति वर्ग मीटर में बिका भूखंड
गाजियाबाद। जीडीए द्वारा रिक्त संपत्तियों को बेचने के लिए आयोजित की जा रही नीलामी में भूखंड एवं भवनों की खूब बिक्री हो रही है। शुक्रवार को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में आयोजित खुली बोली के तहत नीलामी में मधुबन-बापूधाम योजना और गोविंदपुरम योजना के कुल 9 भूखंड बेचे गए। इसमें सर्वाधिक मधुबन-बापूधाम योजना का 281.50 वर्ग मीटर का व्यवसायिक भूखंड 1.52 लाख रुपए प्रति वर्गमीटर की दर से बेचा गया। यह अब तक एनसीआर क्षेत्र में सबसे अधिक बोली लगाने के बाद नीलामी में बेचा गया। इन भूखंडों की बिक्री होने के बाद जीडीए को 17.97 करोड़ रुपए की आय हुई।
शुक्रवार को जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में प्रभारी प्रभात चौधरी, सहायक अभियंता की उपस्थिति में नीलामी हुई।जीडीए के प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि नीलामी में सबसे अधिक मधुबन-बापूधाम योजना के भूखंडों को खरीदने के लिए बोलीदारों ने रूचि दिखाई। मधुबन-बापूधाम योजना के 7 व्यावसायिक व एक आवासीय भूखंड और गोविंदपुरम योजना का आवासीय एक भूखंड समेत 9 भूखंडों को बेचा गया। भूखंडों को बोली लगाकर खरीदारों ने खरीदा। वहीं,इंदिरापुरम योजना में एक कन्वीनियंट शॉपिंग भूखंड बेचा गया।उन्होंने बताया कि नवरात्रों में जीडीए की संपत्ति खरीदने में लोग रूचि दिखा रहे है। शुक्रवार को 9 भूखंडों की नीलामी में बिक्री हुई। इससे जीडीए को 17.97 करेाड़ रुपए की आय हुई हैं।















