1600 किलोग्राम लहन नष्ट, 50 लीटर कच्ची शराब बरामद
गाजियाबाद। होली का त्योहार जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे शहर से लेकर देहात तक अवैध शराब का कारोबार बढ़ाने के लिए माफिया भी जुगत में रहते है। होली के मद्देनजर भी शराब की डिमांड चरम पर है। इसी के साथ खादर क्षेत्र में फिर से भठ्ठियां धधकने लगी हैं। हरियाणा जैसे पड़ोसी राज्यों से शराब तस्करी के लिए माफिया भी नए-नए तरीकों का इजात करने में लग गए है। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई के चलते उनके मंसूबे भी पूरे होते नही दिखाई दे रहा है। दरअसल खादर क्षेत्र में धधक रही शराब भट्टी को शराब तैयार होने से पहले आबकारी विभाग मौके पर पहुंचकर उनका नष्ट कर देता है। मगर आबकारी विभाग की कार्र्रवाई से परेशान माफिया भी हर दिन यह सोचकर प्रयास करते है कि अब वह अपने मंसूबों में कामयाब हो जाएंगे और होली पर अवैध शराब की बिक्री कर अच्छा मुनाफा कमा लेंगे।
लेकिन आबकारी विभाग की कार्र्रवाई के चलते माफिया बेबस नजर आ रहा है और उसे सिर्फ हर बार की तरह नुकसान बर्दास्त करना पड़ रहा है। होली त्योहार के चलते जनपद में अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर पूर्ण रूप से अकुंश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने भी सर्तकता बरतनी शुरू कर दी है और शराब माफिया के संबधित ठिकानों पर दबिश के साथ-साथ हाईवे, ढाबों पर चेकिंग कर रहा है। इसी कड़ी में फिर आबकारी विभाग की टीम ने खादर क्षेत्र में धधक रही शराब भट्टी को ध्वस्त करते हुए 1600 किलोग्राम लहन को नष्ट करते हुए 50 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया।
फरार हो जाते है कच्ची शराब के धंधेबाज
आबकारी विभाग एवं पुलिस की नजरों से बचने के लिए कच्ची शराब के धंधेबाज अक्सर टीम के पहुंचने से पहले ही खेतों में अपने अड्डे बना लेते हैं। बीच खेतों में उठते धुएं को देखकर ही आबकारी विभाग को भी धंधेबाजों की सूचना मिलती है। लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही धंधेबाज नदी के रास्ते जंगल की ओर भाग जाते है। नदी किनारे से पानी की धारा को काटकर नाली के जरिए जंगल में ले जाया जाता है। फिर गड्ढा खोदकर पानी में गुड़ डालकर लाहन तैयार किया जाता है और उसे भट्टी पर पकाकर शराब तैयार की जाती है। यह शराब कभी-कभी जहरीली हो जाती है और जानलेवा साबित होती है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह आबकारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा, रमाशंकर सिंह, आशीष पाण्डेय, अरूण कुमार, त्रिवेणी सिंह मौर्य, त्रिभुवन सिंह हंयाकी व लोनी एवं टीला मोड़ पुलिस की टीम ने लोनी स्थित, भूपखेड़ी, महमूदपुर भनेड़ा, हिंडन खादर क्षेत्र एवं लोनी स्थित अन्य संदिग्ध स्थलों पर दबिश कर गहन तलाशी की। दबिश के दौरान लगभग 1600 किलोग्राम लहन एवं 50 लीटर कच्ची शराब बरामद किया गया। बरामद शराब को जब्त करके उक्त लहन को मौके पर नष्ट करते हुए आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में 1 अभियोग पंजीकृत किया गया। आबकारी अधिकारी ने कहा कि होली के पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग की सभी टीमें लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रही है।















