उम्मीद : पुरानी पेंशन का मुद्दा हल करेगी नई सरकार

गाजियाबाद। ऑल टीचर्स वेलफेयर एसोसिएशन (अटेवा) द्वारा आयोजित बैठक में यूपी विधान सभा चुनाव पर चर्चा की गई। इस दौरान कर्मचारियों ने विभिन्न मुद्दों पर विचार व्यक्त किए। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार ऐसी चुनी जानी चाहिए जो कर्मचारी हितों को नजरअंदाज न करें बल्कि कार्मिकों की समस्याओं का समाधान करे। अटैवा जिलाध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि पुरानी पेंशन का मुद्दा सबसे अहम है। यह मुद्दा पिछले 16 साल से लंबित है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन स्कीम को बहाल करने की बात कही है।

हालाकि पूर्व में सपा सरकार के दौरान इस मुद्दे को हल नहीं किया गया था। इसके बाद की सरकारों ने भी पुरानी पेंशन बहाली में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके अलावा कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की भी जरूरत है। संगठन के जिला महामंत्री संतोष पाल सिंह ने कहा कि आने वाली सरकार से कर्मचारियों को काफी उम्मीद है। अगली सरकार कर्मचारी कल्याण आयोग का गठन करेगी।

इसके साथ मिशन मोड में कर्मचारी समस्या समाप्त हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि नई सरकार से उम्मीद है कि वह कर्मचारी हित में कोई प्रभावी कदम उठाएगी। इससे कर्मचारी का हित तो होगा ही, साथ ही उसकी कार्यकुशलता भी बढ़ेगी। जिला संरक्षक सुधीर त्यागी ने कहा कि सभी प्रत्याशियों से उम्मीद है कि वह भी कर्मचारियों से जुड़े मुद्दे को जोर से उठाएं। इन मुद्दों को अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करें। संगठन की महिला जिलाध्यक्ष सीमा भड़ाना ने कहा कि पुरानी पेंशन की बहाली के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उम्मीद है कि यूपी में नई सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेगी।

बैलेट पेपर के जरिए डाले गए 2788 वोट
विधान सभा चुनाव के पहले चरण में चुनावी ड्यूटी में जाने वाले 2 हजार 788 कर्मचारियों ने बैलेट पेपर के जरिए मतदान किया। 575 मतदाताओं ने आईटीएस कॉलेज में प्रशिक्षण के बाद मतदान किया। पांच दिनों से प्रशिक्षण के साथ-साथ पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान किया जा रहा है। अपर जिलाधिकारी भूमि एवं अध्याप्ति/ प्रभारी अधिकारी मतपत्र श्याम अवध चौहान ने बताया कि आईटीएस कॉलेज में चुनावी ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को दो पालियों में प्रशिक्षण दिया जाता है। 30 जनवरी से ही पोस्टल बैलेट पेपर के माध्यम से कर्मचारी मतदान कर रहे हैं। 575 मतदाताओं ने मतदान किया है। इससे पहले 712 मतदाताओं ने 599 मतदाताओं ने मतदान किया था।