होली पर्व पर हंगामा व हुड़दंग करने वालों की जगह होगी जेल: डीएम

-होली पर्व पर हुड़दंगियों से निपटने को सरकारी तंत्र ने कसी कमर

गाजियाबाद। होली पर्व पर हुड़दंगियों से निपटने के लिए सरकारी तंत्र ने कमर कस ली है। डीएम अजय शंकर पांडेय ने सभी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता बरतने के आदेश जारी किए हैं। उधर, जिले को 8 जोन में बांटकर मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है ताकि किसी भी क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग न हो पाए। जिलाधिकारी ने कहा कि होली पर्व पर हंगामा व हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई कर जेल भेजने के निर्देश दिए गए हैं। होली पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। शराब पीकर हुड़दंग करने और माहौल खराब करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आएगी। उन्होंने कहा कि सेक्टर और जोन में जिले को बांटा गया है। इसके लिए क्षेत्रवार मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी तैनात रहेंगे ताकि कहीं भी कानून एवं शांति व्यवस्था भंग होने की स्थिति में कार्रवाई की जा सके। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद होकर भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को शराब की अवैध बिक्री और हुड़दंगियों से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए है। अगर कहीं पर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया तो सख्त कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। होली पर्व के साथ पंचायत चुनाव को देखकर गांवों में अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए आबकारी विभाग और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हंै। शांतिपूर्ण तरीके से रंगों के त्योहार होली का पर्व मनाएं। मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें, ताकि कहीं पर कोई भी अप्रिय घटना न हो सके। शब ए बारात और होलिका पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें सिटी मजिस्ट्रेट विपिन कुमार, सीओ महिपाल सिंह, ओएसडी सुशील कुमार चौबे, सीओ अवनीश कुमार, ओएसडी संजय सिंह, सीओ अभय कुमार मिश्र, अपर नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, सीओ अंशु जैन, अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम, सीओ आलोक दुबे, एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, सीओ सदर कमलेश नारायण पांडेय, एसडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति, सीओ सुनील कुमार सिंह, एसडीएम लोनी शुभांगी शुक्ला, सीओ अतुल कुमार सोनकर अपने-अपने क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाएंगे।