कांवड यात्रा: नगरायुक्त ने दूधेश्वरनाथ मंदिर में जांची व्यवस्थाएं

कांवडिय़ों के लिए प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर में होगी पुख्ता व्यवस्था: नितिन गौड़

गाजियाबााद। कांवड़ यात्रा एवं शहर के प्राचीन सिद्वपीठ दूधेश्वरनाथ मंदिर में कांवडिय़ों एवं श्रद्धालुओं द्वारा किए जाने वाले जलाभिषेक को लेकर नगर निगम ने अब तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, जलकल महाप्रबंधक आनंद त्रिपाठी, पूर्व पार्षद जाकिर अली सफैी आदि के साथ दूधेश्वरनाथ मंदिर का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। नगर आयुक्त ने मंदिर के श्री महंत नारायण गिरी से मंदिर में की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की। कांवड़ मेले को लेकर व्यवस्था बनाई गई।

कांवड़ मेले के समय मंदिर में लाखों की संख्या में श्रद्धालुओं द्वारा भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा। नगर आयुक्त ने दूधेश्वर नाथ मंदिर का जायजा लिया। कांवड़ मेले में साफ-सफाई से लेकर गंगाजल, प्रकाश व्यवस्था आदि को लेकर श्री महंत नारायण गिरी से वार्ता की।
श्री महंत नारायण गिरी ने बताया कि मंदिर के अलावा आसपास के क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ सड़कों को गड्ढा मुक्त करने व विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। नगर आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। मंदिर परिसर के अलावा निर्धारित मार्ग पर कार्रवाई शुरू करें। बैरिकेडिंग, मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था, सड़कों पर पानी का छिड़काव आदि व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कांवड़ मार्ग का भी जायजा लिया।

इसके साथ ही शहर के प्राचीन मंदिरों में स्वयं नगर आयुक्त व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिले में कांवड़ यात्रा की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। 4 जुलाई से शुरू होने जा रही कांवड़ यात्रा को लेकर नगर निगम तैयारियों में जुट गया है। कांवड यात्रा मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए पूरे मार्ग में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। जिनकी मदद से पूरी कांवड यात्रा की मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि कहीं कोई गड़बड़ होने पर तत्काल वहां राहत पहुंचाई जा सके।