गाजियाबाद। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लागू होने के बाद रविवार को साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र में अवैध रूप से लगाए गए राजनीतिक दलों के होर्डिंग, बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री को हटवाते हुए उन्हेंं जब्त कर लिया गया।
साहिबाबाद विधान सभा के रिटर्निंग ऑफिसर एवं एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह ने साहिबाबाद सीओ अभिजीथ आर शंकर एवं खोड़ा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी केके मिश्रा आदि की मौजूदगी में यह कार्रवाई कराई।
एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह ने बताया कि खोड़ा में सड़कों किनारे एवं स्ट्रीट पोल से लेकर अन्य स्थानों पर लगाए गए होर्डिंग, बैनर, पोस्टर आदि प्रचार सामग्री को हटवाया गया। आचार संहिता का पूर्ण रूप से पालन कराने के लिए खोड़ा नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों द्वारा पूरे क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि खोड़ा नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत खोड़ा में माध्यमिक विद्यालय में पोलिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इसलिए स्कूल का निरीक्षण किया गया।
स्कूल में पोलिंग स्टेशन एवं मतदान बूथ बनाने के लिए नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी केके मिश्रा को निर्देश दिए गए। ताकि समय से यहां पर पोलिंग स्टेशन बनाया जा सके। एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह ने कहा कि साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में आने वाले खोड़ा और साहिबाबाद क्षेत्र में आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराते हुए होर्डिंग, बैनर,पोस्टर आदि को हटवा दिया गया है। बगैर अनुमति के कोई भी प्रचार सामग्री क्षेत्र में नहीं लगने दी जाएगी। इसके लिए टीमें निर्धारित कर दी गई है। टीमों द्वारा निगरानी की जा रही है। जहां पर भी अवैध रूप से होर्डिंग, बैनर, पोस्टर एवं अन्य प्रचार सामग्री लगाई जाएगी। उन्हें हटवाते हुए जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
















