निगम के टैक्स अधिकारियों की नगर आयुक्त ने लगाई क्लास

बढाएं कर वसूली नहीं तो कार्यवाही के लिए रहे तैयार: विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर निगम में कर वसूली को लेकर हुई समीक्षा, गुड परफॉर्मेंस पर की सराहना तो खराब पर नोटिस जारी करने के दिए निर्देश
निगम की आय बढ़ाने को लेकर नगर आयुक्त का जारी है प्रयास, संपत्ति कर के साथ करेत्तर पर दिया विशेष ध्यान

गाजियाबाद। नगर निगम के कर विभाग में वसूली को लेकर नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक एक्शन मोड़ में आ गए है। टैक्स वसूली में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है। नगर आयुक्त ने कर विभाग की खूब खिंचाई की। उन्होंने समय देकर चेतावनी दी कि अपने कामकाज का ढांचा सुधार लें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को निगम सभागार में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की अध्यक्षता में टैक्स विभाग की बैठक हुई। जिसमें समस्त राजस्व निरीक्षक, कर अधीक्षक, जोनल प्रभारी, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने बैठक में संपत्ति कर एवं करेत्तर की वसूली बढ़ाने की योजना बनाई। जिसके क्रम में अधिकारियों को लक्ष्य पूर्ति के साथ-साथ अन्य सर्वे करने के लिए भी निर्देश दिए। नगर आयुक्त द्वारा जहां सितंबर माह की वसूली को लेकर टीम की प्रशंसा की, तो वहीं आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए टीम को मोटिवेट किया। राजस्व निरीक्षक एवं अन्य टीम में जिनके द्वारा कार्य में लापरवाही दिखाई गई है, उनके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के लिए भी संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने ऐसे भवन जो टैक्स से छूटे हुए हैं, उन पर अविलंब टैक्स लगाने के लिए कहा। वसुंधरा, विजयनगर के जोनल प्रभारी को अधिक मेहनत करने के लिए निर्देश दिए। साथ ही लापरवाही पाए जाने पर कठोर निर्णय लिया जाएगा। इस प्रकार टीम को टैक्स वसूली बढ़ाने के लिए कहा गया।

पिछले वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष 50 प्रतिशत की हुई अधिक वृद्धि

नगर निगम जहां एक तरफ शहर के विकास को आगे बढ़ा रहा है तो वहीं राजस्व को बढ़ाने में भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है। पिछले वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष नगर निगम ने 50 प्रतिशत की अधिक वृद्धि की है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक रोजाना अधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्व वसूली की बढोत्तरी को लेकर टीम को मोटिवेट कर है। वहीं टीम को भी उनके कार्यों में सुधार करने के दिशा-निर्देश देते रहते है। इसी का परिणाम है कि इस वर्ष नगर निगम की टीम जहां पहले के रिकॉर्ड को तोडऩे में असफल नजर आती थी तो वहीं आज पिछले वर्ष के रिकॉर्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। नगर निगम टैक्स विभाग पिछले वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष 50 प्रतिशत वृद्धि सहित निर्धारित लक्ष्य की वसूली को लेकर कार्य कर रहा है। जिसके क्रम में वसुंधरा जोन को 15 दिन के भीतर लगभग 8 करोड़ 22 लाख, मोहन नगर जोन को लगभग 1 करोड़ 91 लाख, कविनगर जोंन को लगभग 3 करोड़ 97 लाख, सिटी जोन को लगभग 1 करोड़ 61 लाख, विजयनगर जोन को लगभग 70 लाख की वसूली करनी है। नगर आयुक्त द्वारा नियमानुसार कार्यवाही करते हुए तेजी से कार्य करने के टीम को निर्देश दिए गए। नगर निगम का टैक्स विभाग वृहद स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।

कवि नगर जोन के आर.आई. राजू पाल, निशा एवं मोहन नगर जोन के आर.आई. धनवीर के कार्यों की प्रशंसा। जिसके क्रम में नगर आयुक्त द्वारा बैठक में बेहतर कार्य करने वाले राजस्व निरीक्षक को सम्मानित भी किया गया। वार्ड संख्या 30, 62, 67 मे राजस्व निरीक्षक राजू पाल कवि नगर जोन द्वारा 65 प्रतिशत की वसूली की गई। कवि नगर जोन निशा द्वारा वार्ड संख्या 42,56,91 मे 61 प्रतिशत की वसूली की गई। इसी प्रकार मोहन नगर जोन के धनवीर आर.आई. द्वारा वार्ड संख्या 20, 38, 73,86 में लगभग 60 प्रतिशत की वसूली की गई है। जिसके लिए बैठक में इनको सम्मानित किया गया। वहीं कम वसूली करने वाले कर्मचारियों को फटकार लगाई। साथ ही आयुक्त ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि जो कर्मचारी काम नहीं करेंगे उनकी वेतन वृद्धि रोकने का काम किया जाएगा। वसूली केवल राजस्व विभाग का काम नहीं है, इसमें निगम की सभी शाखाओं के जो कर्मचारियों को काम दिया गया है। उन्हें अपना काम करना होगा और वार्ड और जोन अमले को सहयोग न करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ग्राउंड लेवल पर चल रही कार्य योजना पर बनाए नजर

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ संजीव सिन्हा को लगातार ग्राउंड लेवल पर चल रही कार्य योजना पर नजर बनाए रखने के लिए निर्देशित किया गया। बैठक के अंत में नगर आयुक्त ने कहा सभी टीम को बेहतर कार्य करने पर प्रोत्साहित किया जाएगा  एवं खराब कार्य करने पर नोटिस जारी किया जाएगा। इस प्रकार बेहतर कार्य करने के लिए उत्साहित किया गया। टैक्स विभाग की समीक्षा बैठक प्रति सप्ताह करने के लिए भी निर्देश दिए गए। जोनल प्रभारी को नगर आयुक्त द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए कहा गया। सेल्फ असेसमेंट के लिए सम्मानित करदाताओं को जागरूक करने के लिए शहर में होल्डिंग लगाने एवं एसएमएस प्रक्रिया को अपनाने के लिए भी कहा गया।

टैक्स वसूली को बढ़ाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए है। ऐसे भवन एवं दुकान जो अभी तक कर वसूली के दायरे में नहीं आए है, उनको दायरे में लाकर टैक्स वसूला जाए। टैक्स वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ज्यादा से ज्यादा टैक्स वसूली के लिए अवकाश के दिनों में भी कैंप लगाकर टैक्स जमा कराया जाए। जो व्यक्ति टैक्स जमा नहीं कर रहा है उस पर कार्रवाई की जाए। अभियान चलाकर टैक्स जमा करने के लिए लोगों को जागरूक भी किया जाए। क्योंकि उनके द्वारा जमा ही टैक्स से ही शहर का विकास संभव है। संपत्ति कर वसूली के साथ-साथ करेत्तर से होने वाली आय को भी बढ़ाने के लिए कड़े निर्देश दिए गए है। जिसमें नामांतरण शुल्क, लाइसेंस शुल्क, विज्ञापन शुल्क, पार्किंग शुल्क, यूजर चार्ज, दुकानों का किराया, शराब की दुकान, मेडिकल एवं अस्पताल, होटल व अन्य पर करेत्तर की वसूली करने के लिए नोटिस जारी करने के लिए निर्देश दिए गए है।
विक्रमादित्य सिंह मलिक
नगर आयुक्त, गाजियाबाद।