कोरोना से निपटने को नगर निगम ने तय किए दायित्व

-नोडल अधिकारी बनाए गये अपर नगरायुक्त

गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं विभिन्न समस्याओं के निदान को नगर निगम सख्त हो गया है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों के दायित्व निर्धारित कर दिए गए हैं। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कोरोना से बचाव के लिए नगर निगम के अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी अब अपर नगरायुक्त को सौंपकर उन्हें नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जिससे शहरवासियों की समस्या का निस्तारण किया जा सके। शहर में जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर कोरोना से प्रभावित क्षेत्रों में कंटेनमेंट जोन बनाने और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त राज नारायण पांडेय को सौंपी गई है। हिंडन मोक्ष स्थली पर शवों का लगातार दाह संस्कार विधिवत कराने और शव ज्यादा आने पर टोकन सिस्टम लागू कराने की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार को सौंपी गई हंै। वहीं, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा और जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता योगेंद्र यादव को उनका सहायक बनाया गया है। सैनिटाइजेशन और फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव को सौंपी गई है। वहीं,क्षेत्र में साफ-सफाई की जिम्मेदारी सुनिश्चित कराने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नगर निगम कार्यालय में आने वाले लोगों द्वारा संक्रमण से बचाव के नियमों का पालन कराने की जिम्मेदारी पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह को सौंपी गई है। वहीं शासन-प्रशासन से वांछित सूचनाओं को समय पर उपलब्ध कराने के लिए निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन को नोडल अधिकारी नामित किया गया हैं।