-20 वाटर एटीएम, 42 स्थाई प्याऊ सहित 25 अस्थाई मटके वाले प्याऊ की व्यवस्था
-जितना हो जरुरी, उतना ही करें जल का प्रयोग : विक्रमादित्य सिंह मलिक
गाजियाबाद। जून माह में सूरज के तेवर तीखे हैं। ऐसे में सार्वजनिक स्थलों पर प्यास बुझाने के लिए नगर निगम ने शहर मे 20 वाटर एटीएम, 42 स्थाई प्याऊ सहित 25 अस्थाई मटके वाले प्याऊ लगाए है। जो गर्मी में सूख रहे राहगीरों के कंठ की प्यास बुझाने में मददगार साबित होंगे। नगर निगम की प्याऊ व्यवस्था को राहगीरों ने अच्छी पहल बताया। नगर आयुक्त के निर्देशानुसार शहर में जलापूर्ति को प्रतिदिन बेहतर किया जा रहा है। विजयनगर हो या अन्य जोन, सभी जोनों में नलकूपों, हैंडपंप तथा पानी के टैंकरों से जलापूर्ति की व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। ऐसे स्थान जहां पानी की पाइपलाइन का कनेक्शन नहीं था, वहां पर भी कनेक्शन कराएं जा रहे है। जो पानी की लाइन बिछी हुई थी, उनको घरों तक जोड़ने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बृज विहार, सूर्य नगर, वैशाली के क्षेत्र में 400 से अधिक घरों को पानी के कनेक्शन जोड़कर दिए गए हैं।
कवि नगर एवं सिटी जोन में 12 स्थान पर पानी कनेक्ट किए गए। मोहन नगर में 14 स्थान पर पानी के कनेक्शन किए गए। वसुंधरा जोन अंतर्गत 15 स्थान पर पानी के कनेक्शन कराए गए और विजयनगर में आठ स्थानों पर पानी के कनेक्शन किए गए। इसके अलावा जलकल विभाग द्वारा शहर में राहगीरों के लिए अस्थाई रूप से मटके वाले प्याऊ लगाए गए है। प्रत्येक जोन में पांच अस्थाई प्याऊ लगाए गए। इस प्रकार 25 प्याऊ शहर में अलग से लगाए गए हैं। जो गर्मी मेंं राहगीरों की प्यास बुझाने का काम कर रही है। नगर निगम द्वारा लगे हुए लगभग 20 वाटर एटीएम शुद्ध पेयजल आपूर्ति करने में मददगार सिद्ध हो रहे हैं। मेट्रो स्टेशन, बस अड्डा चौराहा और अन्य सार्वजनिक स्थान सहित 20 स्थान पर वाटर एटीएम द्वारा जलापूर्ति की जा रही है। इसी क्रम में वाटर कूलर भी शहर में लगे हुए हैं। जिनकी संख्या लगभग 42 है। जिसमें कई सामाजिक संस्थाएं भी सहयोग कर रही है।
मोहन नगर जोन अंतर्गत 4, विजयनगर अंतर्गत 7, वसुंधरा जोन अंतर्गत 8, सिटी जोन अंतर्गत 17, कवि नगर जोन अंतर्गत 6 स्थाई वाटर कूलर कार्यशील है। जिनके द्वारा प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीरों को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो रही है। गर्मी के बढ़ते तापमान को देखते हुए नगर आयुक्त द्वारा नियमित चल रही व्यवस्था के साथ-साथ आवश्यकता को देखते हुए प्रत्येक जोन में पांच पांच अस्थाई मटके वाले प्याऊ भी लगवाए गए हैं। प्रमुख चौराहों व सार्वजनिक स्थलों एवं मार्गो में कैनेपी लगाकर मटको रखा गया है। जिससे आने जाने वाले राहगीर शुद्ध शीतल जल का सेवन कर रहे हैं। नगर आयुक्त द्वारा जलकल विभाग की टीम को पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सभी जोन में लगे हुए उपकरण के माध्यम से शहर वासियों को नियमित जलापूर्ति होती रहे। वहीं शहर वासियों को भी जल का उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जितना आवश्यक हो उतना ही जल का उपयोग करने की अपील की जा रही है।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया हम सभी को प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग संयम के साथ करना चाहिए। जल की जितनी जरूरत हो, उतना ही उपयोग करके हम इस सीमित संसाधन को लंबे समय तक बचा के रख सकते हैं। प्राकृतिक संसाधनों में शामिल जल बेहद अहम लेकिन सीमित है। इसका निर्माण संभव नहीं, इसलिए इसका सदुपयोग और संचय जरूरी है। जैसे जैसे गर्मी बढ़ रही हैं, पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर रही है। नगर निगम के पांचो जोनों में जलापूर्ति की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही गर्मी को देखते हुए नगर निगम द्वारा शहर में विभिन्न जगहों पर राहगीरों के लिए 20 वाटर एटीएम, 42 स्थाई प्याऊ सहित 25 अस्थाई मटके की व्यवस्था की गई। साथ ही इसकी मॉनिटरिंग भी की जा रही है। जिससे सभी को शुद्ध जल मिल सकें। पानी का उतना ही उपयोग करें, जितना जरूरी है। पानी की बर्बादी करना प्रकृति के साथ खिलवाड़ करने जैसा है।


















