मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद-साहिबाबाद क्षेत्र में किया जनसंपर्क
सपा-बसपा को आड़े हाथों लिया, बताई सरकार की उपलब्धियां
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले 5 साल के भीतर व्यापक बदलाव आया है। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधकर उन्होंने कहा कि पहले परिवार की अर्थव्यवस्था मजबूत की जाती थी। आज विकास के दम पर यूपी देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। अब ना दंगे होते हैं, न कांवड़ यात्रा को रोका जाता है। भगवान श्रीकृष्ण की जन्माष्टमी भी धूमधाम से मनाई जाती है। पं. दीन दयाल सभागार नेहरू नगर में आयोजित प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने उक्त विचार व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र नायकों के प्रति सम्मान और श्रद्धा का भाव ही भाजपा की पहचान है। उन्होंने सपा को आड़े हाथों लेने में कोई कसरब नहीं छोड़ी। कहा कि सपा सरकार में दंगे आम बात थी। कांवड़ यात्रा भी रोकी गई थी। कृष्ण जन्माष्टमी के आयोजन पर रोक लगाई गई। उन्होंने कहा कि सपा-बसपा सरकार में कोरोना नहीं था, मगर कर्फ्यू लग जाता था। भाजपा सरकार ने कोरोना में भी सिर्फ अत्यंत जरूरी होने पर रात्रि कर्फ्यू लगाया। सीएम योगी ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा कि महेंद्र प्रताप ने अफगानिस्तान में सरकार बनाई थी। एएमयू के लिए भूमि दी, मगर उनका नाम गायब था। भाजपा ने उन्हें सम्मान दिया। सीएम ने सपा पर हमला कर कहा कि उनकी सोच तोड़ने वाली विनाशकारी थी, हमारी सोच विकास की है। सपा-भाजपा में सिर्फ यही फर्क है। इस दौरान सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में भाजपा को जीताने के लिए कार्यकर्ता तन-मन से काम करें। उधर, साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में आयोजित जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दंगों की राजनीति करने वाले आज उसी प्रकार के व्यक्तियों को टिकट देकर चुनाव मैदान में उतार रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा सरकार ने सभी वादे 5 साल में पूरे किए हैं। कोरोना संकट काल में विपक्ष के नेता जब ट्विटर पर नागरिकों को गुमराह करने में मशगूल थे, उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हार्य लेब्रोट्रेरी में जाकर वैक्सीन का निर्माण करा रहे थे। नागरिकों का मुफ्त टेस्ट, मुफ्त उपचार, मुफ्त में वैक्सीन, मुफ्त में राशन देने का दायित्व भाजपा सरकार ने उठाया। विपक्ष पर हमला करते हुए सीएम योगी ने कहा कि दोस्त और दुश्मन की पहचान करने का वक्त आ गया है। उत्तर प्रदेश में 5 साल पहले भय का माहौल था।
बेटियां घर से बाहर निकलने से डरती थीं। हर दूसरे दिन दंगा होता रहता था। बेखौफ माफिया भूमि पर कब्जा करते थे। शासन की योजनाओं का लाभ गरीब एवं जरूरतमंदों को नहीं मिल पाता था। आज अपराधियों की हिम्मत नहीं कि किसी संभ्रांत नागरिक की भूमि पर कब्जा कर लें। सीएम ने कहा कि पहले गरीबों के हिस्से का अन्न बांग्लादेशियों को मिलता था। सपा सबसे पहले अपना बंगला बनाती थी। सपा के 300 यूनिट फ्री बिजली देने के वादे पर पर भी सीएम ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जो आज कह रहे हैं मुफ्त बिजली देंगे उनके समय मे बिजली आती ही नहीं थी। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, पप्पू पहलवान, गुंजन शर्मा, उदित मोहन गर्ग, पूर्व मेयर आशु वर्मा, एमएलसी दिनेश गोयल, मुरादनगर विधायक प्रत्याशी अजीत पाल त्यागी, प्रदीप चौधरी, अश्वनी शर्मा, नीरज गोयल समेत सैकड़ो लोग उपस्थित रहे।
















