चुनाव में पिछड़ों का इंकलाब होगा और 2022 में होगा बड़ा बदलाव: मुन्नी

गाजियाबाद। जिस तरह अंग्रेज डिवाइड एंड रूल के आधार पर शासन करते थे, उसी तरह आज भाजपा धर्म के नाम पर लोगों को बांट कर और डरा-धमका कर शासन कर रही है। सरकार ने यूपी की जनता को हमेशा लाइन में लगवाया। नोटबंदी में लाइन, खाद के लिए लाइन लगवाई। अब जनता ने मूड बना लिया है। जनता लाइन लगाकर इन्हें बाहर कर देगी। मुख्यमंत्री तो कमाल के मुख्यमंत्री हैं। जो सरकार अपने संकल्प पत्र पर काम ना कर रही हो उसे जनता इस बार फेल करने का मन बना चुकी है। सरकार की समय पर बत्ती गुल है। सरकार कोरोना काल में अपनी नाकामी छिपाने के लिए श्मशान घाट के किनारों पर टीन से दीवार लगा रही थी।

यह बातें मंगलवार को मुरादनगर से सपा राष्ट्रीय लोक दल के संयुक्त प्रत्याशी सुरेंद्र कुमार मुन्नी ने रावली रोड मिलक गांव में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा जनता में भाजपा को लेकर भारी आक्रोश है। भाजपा का सफाया होना तय है। चुनाव में पिछड़ों का इंकलाब होगा और सन् 2022 में बड़ा बदलाव होगा। आज जाति-धर्म में बांटने का प्रयास हो रहा है। हमें लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए संघर्ष करना होगा। सुरेन्द्र कुमार मुन्नी ने कहा लाल सिलेण्डर बांटने वालों ने इसके दाम आसमान तक चढ़ा दिए हैं। हो सकता है महंगाई कम करने को सिलेण्डर का नाम और रंग बदल दे भाजपा सरकार। पेट्रोल 100 के पार है। इस सरकार में बिजली के बिल का करंट गरीबों को लग रहा है। सपा सरकार में फिर से पूर्व की तरह चहुंमुखी विकास होगा। आमजन को समस्याओं से निजात मिलेगी। सुरेन्द्र कुमार मुन्नी को मिल रहे लगातार समर्थन एवं धुंआधार प्रचार-प्रसार से भाजपा खेमें मेंं खलबली मची है। इसके अलावा उन्होंने नेहरू नगर, अशोक नगर, बम्हेटा वाल्मीकि बस्ती, राज कंपाउंड में घर-घर जाकर प्रचार किया और हेड पंप के निशान पर मोहर लगाकर भारी मतों से विजय बनाने केअपील की। प्रचार-प्रसार के दौरान जगमोहन टांक, मनोज, भारत, किशन कुमार वाल्मीकि, सूरज पालीवाल, पंकज भगत, अनिल लोहरा, जयपाल वाल्मीकि, अजय बाल्मीकि, मनोज मेहरोलिया आदि मौजूद रहे थे।