अधिकारियों पर झुंझलाई मेयर बोली क्यों आ रही आप लोगों की इतनी शिकायतें

पार्षद एवं जनता की शिकायतों का मेयर ने लिया संज्ञान

विकास कार्यों को लेकर निगम अधिकारियों के साथ की समीक्ष बैठक

गाजियाबाद। मेयर आशा शर्मा ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्माण, उद्यान, जलकल, स्वास्थ्य, प्रकाश एवं संपत्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा की। मेयर ने सबसे पहले निर्माण विभाग के कार्यों की जानकारी मांगी। मुख्य अभियंता ने बताया कि सभी निर्माण कार्यों के वर्कऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। जल्द शहर के सभी वार्डों में निर्माण कार्य शुरू होते दिखेंगे। तदुपरांत मेयर ने उद्यान अधिकारी को अवगत कराया कि पूर्व में पार्कों के सौंदर्यीकरण के कार्य वंचित रहे हैं। इस कारण जनता में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द पार्कों का सौंदर्यीकरण कराया जाए। मेयर ने महाप्रबंधक (जल) को निर्देशित किया कि प्राइवेट कंपनी की कार्य करने की गति बहुत धीमी है। पार्षद एवं जनता की बहुत शिकायत है कि सीवर की समस्या उत्पन्न हो रही है। अत: तत्काल प्रभाव से कंपनी से वार्ता की जाए और कार्य मे गति लाई जाए एवं आगामी मौसम गर्मी का है, इसलिए शहर के सभी वार्डों में अभी से रिबोर एवं पानी की सुचारू सुविधा की रूपरेखा तैयार कर समय-समय पर अवगत कराया जाए ताकि गर्मी में जल संकट की समस्या न हो। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश को मेयर आशा शर्मा ने बताया कि आगामी मौसम बरसात का है। हर वर्ष जलभराव की स्थिति उत्पन्न होती है। इसलिए पहले से योजना बनाई जाए। नालों की सफाई की जाए ताकि बरसात में जलभराव की समस्या न हो सके और वाहनों में खर्च हो रहे ईंधन पर भी अंकुश लगाया जाए। मेयर ने 15-20 साल पुराने कूड़ाघरों को समाप्त किए जाने पर खुशी जाहिर की। स्वास्थ्य अधिकारी ने आश्वासन दिया कि जल्द कार्ययोजना बनाकर कार्यवाही से अवगत कराया जाएगा। प्रकाश विभाग को मेयर ने निर्देश दिए कि नए अधिकारियों के हाथ में विभाग आया है। अपेक्षा है कि पूर्व से बेहतर किया जाए एवं नगर निगम की भूमि राजनगर एक्सटेंशन में पड़ी है। जिस पर बिल्डर द्वारा अवैध निर्माण कर इमारत बनाई जा रही है। यह गंभीर मामला है और सदन की बैठक में नगर निगम की संपत्ति रजिस्टर बनाए जाने के लिए निर्देश दिए गए थे, जिससे नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों एव जनप्रतिनिधियों को पता रहे कि उक्त भूमि नगर निगम की है। कोई भी आसानी से निगम की भूमि पर कब्जा नहीं कर सकता है। अत: तत्काल प्रभाव से बिल्डर से भूमि मुक्त कराने की कार्रवाई की जाए। बैठक में अपर नगरायुक्त राज नारायण पांडे, प्रमोद कुमार, शिव पूजन, लेखाधिकारी अरुण मिश्रा, जीएम जल योगेश कुमार, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन खान, डॉ. मिथलेश कुमार एवं डॉ. अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।