ब्राह्मण समाज के हित में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की मुहिम

काठमांडू के चार दिवसीय दौरे पर पहुंचे राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र

नई दिल्ली। देश-विदेश में ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की मुहिम निरंतर जारी है। ब्राह्मण समाज को एकजुट करने और चुनौतियों से निपटने के लिए प्रयास चल रहे हैं। इसी क्रम में ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र एक बार फिर नेपाल के दौरे पर पहुंचे हैं। नेपाल की राजधानी काठमांडू में 4 दिवसीय प्रवास के दौरान वह प्रधानमंत्री शेर बहादुर देऊबा के अलावा विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। ऐसे में ब्राह्मण समाज से जुड़े मसलों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री तरूण मिश्र मंगलवार को चार दिवसीय दौरे पर काठमांडू पहुंचे हैं। पहले दिन विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से मिश्र का स्वागत किया। प्रतिनिधियों के साथ उन्होंने संक्षित मुलाकात की। तरूण मिश्र के मुताबिक आगामी अगस्त माह में ब्राह्मण महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक होनी है। बैठक की तिथि जल्द निर्धारित कर दी जाएगी। बैठक की तैयारियों का जायजा लेने के लिए वह काठमांडू पहुंचे हैं। प्रवास के दौरान वह विभिन्न ब्राह्मण संगठनों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करने के साथ-साथ नेपाल के प्रधानमंत्री शेर बहादुर देऊबा से भी मुलाकात करेंगे।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के बीच मैत्रिपूर्ण संबंध हैं। दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का भी रिश्ता है। नेपाल में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग रहते हैं। जिनके हित को ध्यान में रखकर संगठन निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि भारत में पिछली सरकारों के मुकाबले वर्तमान सरकार में ब्राह्मण समाज का मान-सम्मान बढ़ा है। खासकर उत्तर प्रदेश में ब्राह्मणों को काफी तवज्जो मिल रही है। तरूण मिश्र ने पिछले दिनों यूपी जाकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात की थी। उस दौरान उत्तर प्रदेश में पुजारी कल्याण बोर्ड की बजाए ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन पर जोर दिया गया था। तरूण मिश्र का कहना है कि ब्राह्मण कल्याण बोर्ड गठित होने से संपूर्ण ब्राह्मण समाज को लाभ मिलेगा।