डासना क्षेत्र में जीडीए का बुलडोजर एक्शन: 60 हजार वर्गमीटर में 3 अवैध कॉलोनियां जमींदोज

– अवैध निर्माण पर लगातार चलेगा अभियान, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की सख्त कार्रवाई

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मंगलवार को डासना-मसूरी क्षेत्र में जोरदार बुलडोजर कार्रवाई करते हुए तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। करीब 60 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में फैली इन कॉलोनियों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने गांव पिपलेहड़ा, शेखपुर खिचरा और डासना स्थित आईएमईएस कॉलेज के पास काटी जा रही कॉलोनियों पर कार्रवाई की। डासना के खसरा संख्या-1127 पर करीब 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में बनाई गई सड़कों और नालियों को ध्वस्त किया गया। ग्राम पिपलेहड़ा और शेखपुर खिचरा क्षेत्र में 20 हजार वर्गमीटर में अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनी की सड़कें, नाली व बिजली खंभे तोड़ दिए गए।

मदरसा के सामने ईदगाह रोड, पिपलेहड़ा में 20 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनी कच्ची सड़क और साइट ऑफिस को जमींदोज कर दिया गया। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने उन्हें खदेड़ दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि बिना अनुमति के काटी जाने वाली कॉलोनियों और अवैध निर्माणों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनधिकृत कॉलोनियों का ध्वस्तीकरण अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोन-5 के प्रभारी अधिशासी अभियंता योगेश पटेल ने किया। उनके साथ सहायक अभियंता पीयूष सिंह, अवर अभियंता सुनील कुमार, मनोज कुमार सिंह, जीडीए पुलिस और वेव सिटी थाना पुलिस मौजूद रही।