ठेकेदारों की नो एंट्री के लिए लगवाना पड़ा बोर्ड
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट ने ठेकेदारों को आकर्षित करना भी शुरू कर दिया है। उतावले ठेकेदार इन दिनों यमुना विकास प्राधिकरण के प्रशासनिक कार्यालय की परिक्रमा करने लगे हैं। छोटे-बड़े कार्यों का ठेका हासिल करने को ठेकेदार बेसब्र नजर आ रहे हैं। इससे तंग आकर विकास प्राधिकरण के सीईओ को बकायदा मेन गेट पर बोर्ड लगवाना पड़ा है। बोर्ड पर साफ शब्दों में लिखा है कि ठेके से संबंधित कार्यों की बात करने के लिए कार्यालय में न आएं। जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनना है। इसके लिए कवायद तेज हो गई है। जेवर में एयरपोर्ट प्रोजेक्ट ने छोटे-बड़े ठेकेदारों को भी आकर्षित किया है। एयरपोर्ट प्रोजेक्ट के जरिए मुनाफा कमाने की लालसा में ठेकेदारों ने यमुना प्राधिकरण की परिक्रमा तक आरंभ कर दी है। यमुना प्राधिकरण के प्रशासनिक कार्यालय में प्रतिदिन ठेकेदारों की बढ़ती भीड़ ने अधिकारियों को भी परेशान कर दिया है। दरअसल ठेकेदारों के आने और ठेके के लिए मनुहार करने से प्रशासनिक कार्यों पर भी असर पड़ रहा है। यह ठेकेदार एयरपोर्ट परियोजना में मिट्टी खुदाई और अन्य कार्यों का ठेका लेने के लिए आ रहे हंै। कोई सुरक्षा गार्डों की आपूर्ति तो कोई सिविल कार्यों के लिए पहुंच रहा है। इसके मद्देनजर यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कार्यालय के पहले तल और सीईओ आॅफिस के गेट पर बोर्ड लगवा दिया है। इसमें साफ लिखा है कि जेवर एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों से संबंधित किसी भी कार्य के लिए सीईओ कार्यालय में संपर्क न करें। यह भी बताया गया है कि यह परियोजना पीपीपी मॉडल पर है। इसमें सभी काम विकासकर्ता कंपनी करेगी। सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि तमाम लोग प्रतिदिन एयरपोर्ट के निर्माण कार्यों के ठेके की सिफारिशें लेकर आ रहे हैं। इसमें समय खराब होता है। इसको देखकर बोर्ड लगवाए गए हैं।















