यमुना प्राधिकरण की कोशिशों का असर, 2022 में शुरू होंगे नए उद्योग, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर नौकरियों की होगी बौछार

ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) निरंतर प्रयासरत है। इसके अच्छे परिणाम भी सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में अगले साल यानी 2020 में रोजगार के साधनों में और ज्यादा वृद्धि होने जा रही है। यीडा के प्रयासों के कारण नए साल में 5 उद्योगों में उत्पादन कार्य की शुरुआत हो जाएगी। इससे कई हजार जरूरतमंदों को रोजगार मिल सकेगा। इन इकाइयों में तकरीबन 15 हजार करोड़ रुपए का निवेश किया गया है। निकट भविष्य में यह इकाइयां यीडा क्षेत्र के लिए वरदान साबित होंगी। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में वर्तमान में कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। ऐसे में वहां औद्योगिक गतिविधियों में भी तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है।

यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में उद्यमियों की रूचि
कारोबार जमाने के लिए उद्यमी लगातार यीडा क्षेत्र का रूख कर रहे हैं। इसका कारण इस क्षेत्र में जरूरी सुविधाओं की कोई कमी न होना और उद्योग करने को अनुकूल माहौल मिलना है। अगले साल यानी 2022 में इस क्षेत्र में 5 इकाइयां भी शुरू होने जा रही हैं। इससे कई हजार नागरिकों को रोजगार मिल सकेगा। औद्योगिक विकास को गति देने के मकसद से यमुना प्राधिकरण का गठन किया गया था। कोरोना संक्रमण के कारण इस क्षेत्र में भी नए उद्योगों की स्थापना में दिक्कतें आई थीं। नए साल में औद्योगिक गतिविधियां रफ्तार पकड़ सकेंगी। दरअसल यीडा के अलग-अलग सेक्टर में नए इकाइयों को आरंभ करने का काम अंमित दौर में पहुंच चुका है।

बढ़ रहा निवेश और रोजगार
यीडा के सेक्टर-24 में वीवो की इकाई का निर्माण चल रहा है। 2022 में इस इकाई में उत्पादन कार्य प्रारंभ हो जाएगा। वहां पहले चरण में लगभग 7 हजार नागरिकों को रोजगार मिल सकेगा। इसके अतिरिक्त सेक्टर-29 में सूर्या ग्लोबल की पैकेजिग मैटेरियल इकाई, बीकानेर स्वीट्स, फॉरच्यून 500 में शामिल स्टीकर, लेबल बनाने की कंपनी एवरी डेनिसन की इकाई का सेक्टर-32 में निर्माण पूर्ण होने पर उत्पादन चालू हो जाएगा। उधर, यमुना प्राधिकरण के निवेश सेल के प्रभारी शैलेंद्र भाटिया का कहना है कि 2022 में अपैरल, टॉय क्लस्टर में नई इकाइयों का निर्माण शुरू होने से औद्योगिक गतिविधियां रफ्तार पकड़ सकेंगी।

शीघ्र आरंभ हो जाएगा उत्पादन

Arunveer Singh, ceo
डॉ. अरुणवीर सिंह,
मुख्य कार्यपालक अधिकारी , यमुना प्राधिकरण

यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह का कहना है कि यीडा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने देने के लिए हरसंभव कोशिश हो रही है। कारोबारी भी इस क्षेत्र में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। क्षेत्र में कुछ इकाइयों का निर्माण लगभग पूर्ण हो गया है। इनमें शीघ्र उत्पादन शुरू हो जाएगा। इससे रोजगार के साधन भी बढ़ेंगे।