गाजियाबाद की आबोहवा को शुद्ध करने में जुटा नगर निगम

-प्रदूषण कम करने के लिए निगम ने किया एंटी स्मॉग गन से छिड़काव
-दिल्ली से ज्यादा गाजियाबाद की हवा में सुधार, निरंतर जारी है निगम का अभियान: नगर आयुक्त

गाजियाबाद। शहर में वायु प्रदूषण एक बड़ी समस्या है। गाजियाबाद शहर की आबोहवा को शुद्ध करने करने के लिए नगर निगम लगातार कई स्तरों पर काम कर रहा है। शहर को धूल से बचाने के लिए नगर निगम ने सड़कों पर एंटी स्मॉग गन से वातावरण में उड़ने वाली धूल पर पानी के फव्वारे का छिड़काव कर रहा है। यह महीन पानी की बूंदें बड़े क्षेत्र में उच्च गति के पंखे की मदद से बौछार के माध्यम से फैलाई जाती हैं। इससे यह हवा में मौजूद छोटे धूल कणों को अवशोषित कर रही है।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा उद्यान विभाग, स्वास्थ्य विभाग और जलकल विभाग को आपसी समन्वय करते हुए वृहद स्तर पर वायु गुणवत्ता सुधार के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए है। जिसमें वायु गुणवत्ता सुधार के लिए उपकरणों के माध्यम से कार्यवाही तेजी से चल रही है। वॉटर स्प्रिंकलर मशीन और अंतिम स्मोक गन मशीन के माध्यम से पूरे शहर में पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। जिस कारण से वायु की गुणवत्ता सुधार हो रहा है। इसी क्रम में अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग भी कर रहे हैं।

नगर आयुक्त ने बताया गाजियाबाद का एयर क्वालिटी दिल्ली की एयर क्वालिटी से वर्तमान में बेहतर है। गाजियाबाद की हवा को शुद्ध करने का प्रयास नगर निगम लगातार कर रहा है। जिसमें उपकरणों के माध्यम से सड़कों को धूल मुक्त भी किया जा रहा है और पानी का छिड़काव भी वृहद स्तर पर कराया जा रहा है। जिस कारण से वायु की गुणवत्ता में सकारात्मक प्रभाव दिखाई दे रहा है। इसी स्थिति को बनाए रखने और अधिक बेहतर करने के लिए उपकरणों के क्रम को भी बढ़ाया गया है। जोनवार अधिकारी कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जलकल विभाग से महाप्रबंधक जल के नेतृत्व में सभी शहर में लगे हुए मूर्तियों को भी पानी से साफ किया जा रहा है, पेड़ पौधों की सिंचाई भी दिन में 2 से 3 बार कराई जा रही है, सड़क पर पानी का छिड़काव भी लगातार किया जा रहा है। लगभग तीन से चार बार एक सड़क पर पानी का छिड़काव कराया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जहां सड़कों और मुख्य मार्गो को धूल मुक्त कराया जा रहा है। वही पानी के छिड़काव को भी योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। जिसमें शहर के मुख्य चौराहा मुख्य मार्गों पर कार्यवाही तेजी से चल रही है। उद्यान विभाग द्वारा भी पार्कों में तथा ग्रीन बेल्ट तथा सेंट्रल वर्ज पर पौधों की सिंचाई का कार्य भी रफ्तार से कराया जा रहा है। इस प्रकार अधिकारियों की देखरेख में वायु गुणवत्ता सुधार का कार्य निगम द्वारा निरंतर चल रहा है। 178 एयर क्वालिटी इंडेक्स वैल्यू दिल्ली की है जबकि गाजियाबाद की एयर क्वालिटी इंडेक्स वैल्यू 132 पर दिख रही है।