लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव का संग्राम तेज हो गया है। विभिन्न मुद्दों पर गरमाई सियासत के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) ने सोमवार को 159 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। नई लिस्ट में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के अलावा सांसद आजम खां व नाहिद हसन का भी नाम है। भाजपा छोड़कर सपा में गए पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे का नाम लिस्ट में नहीं है। उधर, सपा की नई लिस्ट के बहाने भाजपा ने जुबानी हमला करने में देरी नहीं की है। भाजपा नेता संबित पात्रा ने ट्विटर पर लिखा है कि गुंडों और बदमाशों को उम्मीदवार बनाना सपा की मजबूरी है।
मौर्य के बेटे का नाम नहीं
उन्होंने लिखा कि लिस्ट नई है, मगर वही अपराधी हैं। विधान सभा चुनाव में भाजपा निरंतर सपा पर गुंडे और बदमाशों को उम्मीदवार बनाए जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठा रही है। ऐसे में दोनों के मध्य तीखी तकरार देखने को मिल रही है। विधान सभा चुनाव के चलते सपा ने सोमवार को 159 प्रत्याशियों का ऐलान किया है। सपा की इस लिस्ट में अखिलेश यादव का नाम सबसे ऊपर है। वह करहल सीट से चुनाव लड़ेंगे। सपा की नई लिस्ट में स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे का नाम नहीं है। रामपुर सीट से सपा सांसद आजम खां को उम्मीदवार बनाया गया है।
आजम के बेटे अब्दुल्ला को टिकट
इसी तरह स्वार सीट से आजम के बेटे अब्दुल्ला को टिकट मिला है। चरथावल सीट से पंकज मलिक, ऊंचाहार से मनोज पांडेय, नकुड़ से धर्मपाल सैनी और कैराना से नाहिद हसन को मैदान में उतारा गया है। सपा ने नई लिस्ट में मुस्लिम और यादव दावेदारों पर भरोसा जताया है। इस सूची में सपा का एम और वाई फैक्टर भी दिखाई दे रहा है। लिस्ट के हिसाब से सपा ने 30 मुस्लिम और 12 यादव को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा 9 महिला प्रत्याशियों को भी टिकट दिया है।
















