कांग्रेस को झटका, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने छोड़ा हाथ का साथ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के समय दिग्गज नेताओं की आस्था निरंतर बदल रही है। इसके चलते आयाराम-गयाराम का सिलसिला अब तक रूक नहीं पाया है। यूपी में अब कांग्रेस को जोरदार झटका लगा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने कांग्रेस से नाता तोड़ लिया है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को अपना इस्तीफा भेजा है। सिंह के भाजपा ज्वाइन करने की अटकलें तेज हो गई हैं। उधर, बौखलाई कांग्रेस ने सिंह को कायर तक बता डाला है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया और जितिन प्रसाद के बाद अब रतनजीत नारायण प्रताप उर्फ आरपीएन सिंह ने कांग्रेस को अलविदा कर दिया है। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राहुल गांधी की कोर टीम का हिस्सा रह चुके हैं। सिंह ने ट्विटर पर बायो भी बदल दिया है। कुशीनगर के पूर्व सांसद सिंह पडरौना राजघराने से संबंध रखते हैं। वह 2009 के लोकसभा चुनाव में स्वामी प्रसाद मौर्य को भी चुनाव में पटखनी दे चुके हैं। आरपीएन सिंह के भाजपा में आने की अटकलें लगाई जा रही हैं। उन्होंने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को इस्तीफा भेजा है।

इस्तीफे में उन्होंने लिखा कि ‘आज, जब पूरा राष्ट्र गणतंत्र दिवस का उत्सव मना रहा है, मैं अपने राजनीतिक जीवन में नया अध्याय आरंभ कर रहा हूं। जय हिंद।’ उन्होंने देश, जनता, पार्टी की सेवा का मौका देने के लिए धन्यवाद कर कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। सूत्रों का कहना है कि आरपीएन सिंह के अलावा पडरौना से घोषित प्रत्याशी मनीष जायसवाल, कुशीनगर कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन करेंगे। जनपद की 3 विधान सभा सीट पर भाजपा की ओर से ये सभी प्रत्याशी बनेंगे।