यूपी में दूसरे चरण का चुनाव कल, 55 सीट के लिए होगी वोटिंग

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए सोमवार को मतदान होगा। ऐसे में 9 जिलों की कुल 55 सीट के लिए वोटिंग होगी। इसके बाद 586 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा। दूसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से पूर्ण कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने पर सरकारी तंत्र का पूरा ध्यान है। मतदान के दौरान हिंसा अथवा उपद्रव करने पर सख्ती से निपटा जाएगा। उप्र में 18वीं विधान सभा के गठन के लिए दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी को होगा।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा रूहेलखंड के 9 जिलों की 55 सीट पर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद हो जाएगा। दूसरे चरण में 2 करोड़ से अधिक मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। दूसरे चरण में सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, अमरोहा, बदायूं, बरेली व शाहजहांपुर में मतदान होना है। 2017 के चुनाव में इन 55 सीट में से 38 भाजपा, 15 सपा व 2 कांग्रेस ने जीती थीं। चुनाव आयोग निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शी एवं कोरोना से बचाव के तरीके अपना कर मतदान कराने की तैयारियों में लगा है।

चुनाव आयोग ने 9 जिलों के डीएम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर चुनावी तैयारियां की विस्तृत जानकारी ली। अपर मुख्य डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि दूसरे चरण के चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूर्ण हो गईं हैं। शनिवार की शाम 6 बजे चुनाव प्रचार थम गया। इस चरण का मतदान 14 फरवरी की सुबह 7 बजे से शाम छह बजे तक होगा। प्रत्येक पोलिंग बूथ पर मतदाताओं की सुविधा और कोविड से सुरक्षा की विशेष व्यवस्था कराई गई है।