उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को जीडीए प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने पुलिस बल के साथ सिहानी सद्दीकनगर में 10 बीघा क्षेत्र में काटी जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान जीडीए अधिकारियों ने बुलडोजर चलाकर कॉलोनी की सड़क, भूखंडों की बाउंड्रीवाल समेत अन्य अवैध निर्माण गिरा दिए। यह कॉलोनी खसरा संख्या-424 में विकसित की जा रही थी, जिसमें रोहताश त्यागी, मोनिंदर त्यागी और विकास त्यागी द्वारा मिट्टी भराई, डिमार्केशन और निर्माण कार्य किया जा रहा था।
विरोध के बीच पूरी हुई कार्रवाई
ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने विरोध किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए कार्रवाई पूरी करवाई। जीडीए के अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी कि बिना अनुमति किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगामी दिनों में भी ऐसे निर्माणों को गिराने की कार्रवाई जारी रहेगी।

















