साफ-सुथरा होगा ग्रेटर नोएडा, दिखेगी स्मार्टनेस

कूड़ा कलेक्शन और निस्तारण के लिए योजना पर काम

ग्रेटर नोएडा। शहर को साफ-सुथरा और कूड़ा-करकट मुक्त रखने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने गंभीरता दिखाई है। कूड़ा निस्तारण के लिए नई योजना पर काम शुरू किया गया है। इसके तहत शहर को 5 जोन में विभाजित किया जाएगा। इसके बाद घर-घर से कूड़ा उठाने के अलावा निस्तारण का प्रबंध किया जाएगा। इस योजना में टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल की गई है। 4 मई को ग्रेनो प्राधिकरण कंपनी का चयन करेगा। शहर को ग्रीन और क्लीन बनाने के लिए ग्रेनो प्राधिकरण नए-नए कदम उठा रहा है। इसके अच्छे नतीजे भी सामने आ रहे हैं। अब शहर को 5 कलस्टर (जोन) में विभाजित कर कूड़ा संग्रहण की प्लानिंग की गई है। इसमें गांवों को भी शामिल किया गया है। टेंडर प्राप्त करने के बाद संबंधित कंपनी को डोर-डू-डोर कूड़ा एकत्र करने के साथ उसके निस्तारण का भी प्रबंधन करना पड़ेगा। इसके लिए कलेक्शन सेंटर बनाए जाएंगे। घरेलू कूड़ा अलग-अलग लिया जाएगा ताकि इसके निस्तारण में किसी प्रकार की दिक्कत ना हो। कंपनियों का चयन करने के लिए प्राधिकरण ने टेंडर निकाले थे। इसमें टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 19 अप्रैल थी। इससे पहले प्राधिकरण ने इच्छुक कंपनियों के साथ प्री बिड बैठक की। बैठक में शामिल कंपनियों ने कई और सुझाव दिए। महाप्रबंधक परियोजना एके अरोड़ा ने बताया कि कंपनियों ने जो सुझाव दिए हैं, उन्हें भी इसमें शामिल कर लिया गया है ताकि इस परियोजना को पूरी तरह से लागू किया जा सके। इसके चलते टेंडर दाखिल करने की अंतिम तिथि को बढ़ा दिया गया है। यह तिथि 30 अप्रैल कर दी गई है। 4 मई को टेंडर खोले जाएंगे। उसी दिन कंपनी का चयन कर लिया जाएगा। प्राधिकरण की कोशिश है कि प्रत्येक जोन के लिए अलग कंपनी चयनित की जाए ताकि काम को बेहतर ढंग से किया जा सके।