महामारी से बचाने के लिए जिले में एक सप्ताह का लगे लॉकडाउन: प्रदीप गुप्ता

-व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

गाजियाबाद। व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम के संयोजक प्रदीप गुप्ता ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर जनपद गाजियाबाद में कम से कम एक सप्ताह का लॉक डाउन लगाने की अपील की है। उनका कहना है कि आज गाजियाबाद में कहीं भी किसी भी अस्पताल पर बीमारी के मद्देनजर आईसीयू बेड की उपलब्धता ना के बराबर है। आवश्यक दवाइयां या तो उपलब्ध नहीं है या फिर उनकी बड़े पैमाने पर कालाबाजारी हो रही है। गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिल पा रही। कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शासन-प्रशासनए कहीं ना कहीं फेल होता नजर आ रहा है। अलबत्ता समय रहते कड़े से कड़े कदम उठाने की आवश्यकता है। व्यापार एक या 2 हफ्ते नहीं होगा, तब भी काफी लोगों को बचाया जा सकता है। पहले 70 दिन का लॉक डाउन रहा था। उसके बाद व्यापारी फिर भी अपने काम में वापस आ गए। आज यहां के हालात को देखकर शीघ्र उचित कदम उठाने की आवश्यकता है। गाजियाबाद के व्यापारी हमेशा शासन-प्रशासन के साथ पूरी तरह सहयोग करने के लिए तैयार है। लापरवाही कोरोना वायरस के संक्रमण को जनपद में बेहद बड़े स्तर पर सामुदायिक स्तर पर फैलने के लिए बहुत ज्यादा मददगार साबित हो सकती है, भीड़भाड़ वाली यह स्थिति उन सभी क्षेत्रों में कोरोना वायरस को बड़े पैमाने पर फैला सकती है, जिस-जिस क्षेत्र के लोग उस भीड़ का हिस्सा थे। भीड़ का हिस्सा बनने वाले लोगों की एक लापरवाही भरी हरकत ना जाने कितने लोगों की जान खतरे में डाल सकती है।