उदय भूमि ब्यूरो
पिलखुवा।
एनटीपीसी दादरी में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समूह महाप्रबंधक (दादरी) सी. शिवकुमार ने गैस स्टेशन में आयोजित विश्वकर्मा पूजा में विश्वकर्मा के चित्र के समक्ष पूजा अर्चना की और पावर स्टेशन के सुचारू एवं सुरक्षित रूप से प्रचालन, संयंत्रों के उचित रखरखाव तथा समस्त कर्मचारियों और उनके परिजनों और कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स की सुरक्षा एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर महाप्रबंधक गैस पी.के. उपाध्याय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए पूजा में हिस्सा लिया। एनटीपीसी दादरी परिसर में विभिन्न कार्यालयों/ साइट कार्यालयों एवं अन्य एजेंसियों द्वारा भी कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए श्री विश्वकर्मा पूजा का आयोजन किया गया।
नेशनल हाईवे पर जाम को लेकर 4 लोगों सहित 50 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज
पिलखुवा।
सुबह अखबार बांटकर अपने घर लौट रहे सबली निवासी एक हॉकर की जेसीबी से हुई मौत के प्रकरण में हाईवे पर जाम लगाने तथा हंगामा करने वाले 4 लोगों सहित 50 अज्ञात पर थाना हापुड़ में एफ आई आर दर्ज की गई है। जिससे उस वक्त हंगामा करने वाले लोगों में भय का माहौल है। पुलिस अज्ञात लोगों की पहचान के लिए कैमरा में आए लोगों की पहचान कर रही है। काफी लोग गिरफ्तारी के डर से दुबकने के लिए घर छोड़कर अन्यत्र चले गए हैं। विदित हो कि सबली निवासी एक अखबार विक्रेता की बुधवार को घर वापस लौटते समय जेसीबी से टक्कर लग जाने से मौत हो गई थी। जिसको लेकर परिजनों एवं मोहल्ले के लोगों ने मौत के विरोध में हाईवे पर जाम लगाया तथा हंगामा किया था। कोतवाली प्रभारी सुबोध सक्सेना ने जानकारी में बताया कि गांधी,पप्पू, सचिन और सनी सहित 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।















