अंडरपास की मांग को लेकर अड़े हुए ग्रामीण

12 अक्टूबर को आंदोलन सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई

भाकियू भानू ने 12 अक्टूबर को बाइपास निर्माण के कार्य रोकने की दी चेतावनी

उदय भूमि ब्यूरो
गढ़मुक्तेश्वर।
सिभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा में अंडरपास की मांग को लेकर धरनारत किसानों और भाकियू भानू ने मांग पूरी न होने पर काम रोकने की चेतावनी दी है। वहीं अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की भी घोषणा की है। सिभावली क्षेत्र के गांव सिखैड़ा के जंगल से होकर गुजर रहे निर्माणाधीन हाईवे के बाइपास पर गांव के निकट अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर गांव के किसान और ग्रामीण पिछले कई दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन कोई भी प्रशासनिक अधिकारी उनकी बात सुनने के लिए नहीं पहुंचा है, जिसे लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ रहा है। शनिवार को धरने में शामिल भाकियू भानू जिला संरक्षक अजय त्यागी ने कहा कि शासन और प्रशासन किसानों की जायज मांग को भी अनदेखी की जा रही है। अंडरपास न बनने से किसानों की परेशानी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द उनकी मांग की सुनवाई नहीं हुई, तो भाकियू और किसान हाईवे और बाइपास के काम को पूरी तरह बंद कराकर अनिश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर इक़बाल त्यागी,तनवीर अली,सचिन त्यागी,हाजी फारूक, अनवर,इंतजार अरविंद त्यागी,अब्दुल वाहिद,रतन वीर प्रधान मौजूद रहे।