दिल्ली बोर्डर पर आबकारी ने बिछाया जाल, दिल्ली की शराब समेत 5 गिरफ्तार

गाजियाबाद। आबकारी विभाग की सख्ती और भविष्य खराब होने की प्रबल संभावना के बावजूद शराब तस्कर मान नहीं रहे हैं। दिल्ली से अवैध तरीके से शराब लाने का सिलसिला जारी है। शराब तस्करों को यह मालूम होना चाहिए कि रंगे-हाथों पकड़े जाने पर ना सिर्फ शराब और वाहन जब्त होगा बल्कि कानूनी पचड़े में फंसकर उन्हें एक साल से पहले जेल से छूटने का मौका भी नहीं मिल पाएगा। दरअसल आबकारी विभाग ने शराब तस्करों को लंबे समय तक सलाखों के पीछे रखने की कवायद पर भी ध्यान दिया है। इसके तहत तस्करों के खिलाफ ऐसी पुख्ता रिपोर्ट पुलिस एवं कोर्ट के समक्ष रखी जा रही है ताकि आसानी से जमानत न मिल सके। दिल्ली से अवैध तरीके से शराब तस्करी का खेल रूक नहीं पाया है। दिल्ली के विभिन्न हिस्सों से शराब तस्कर गाजियाबाद में प्रवेश करने की जुगत में लगे रहते हैं। हालाकि आबकारी विभाग ने जिस तरीके से अपना जाल फैला रखा है, उससे तस्करों का बचाना असंभव है। दिन-प्रतिदिन दिल्ली की शराब के साथ तस्कर पकड़े भी जा रहे हैं। इसके बाद शराब व वाहन जब्त कर तस्करों को सीधे जेल की हवा खिलाई जा रही है। यह क्रम निरंतर चल रहा है। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध मद्य निष्कर्षण एवं अवैध मदिरा की तस्करी, परिवहन के खिलाफ प्रवर्तन अभियान के तहत कार्रवाई की जा रही है।

जिला आबकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात तक आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, आशीष पाण्डेय, राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, त्रिभुवन सिंह हंयाकी की संयुक्त टीम द्वारा दिल्ली बॉर्डर , खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, लोनी-बागपत रोड़ एवं ईडीएम मॉल व डासना टोल प्लाजा पर चेकिंग की गई। आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन सिंह हयांकी की टीम एवं लिंक रोड पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान मोनिस पुत्र नसीम निवासी मंगल बाजार खोड़ा कॉलोनी एवं सद्दाम पुत्र नत्थू मिया, निवासी शुक्र बाजार ज्ञानखंड को टी प्वाइंट औद्योगिक क्षेत्र में होंडा एक्टिवा स्कूटी पर परिवहन करते हुए 70 पव्वे अवैध विदेशी मदिरा क्रेजी रोमियो के साथ गिरफ्तार किया गया।


इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य की टीम एवं थाना लोनी बॉर्डर पुलिस की संयुक्त टीम ने शांति नगर गेट के पास से दीपक पुत्र वीर सिंह निवासी मकान अंबेडकर पार्क विकास नगर लोनी को गुलाब मसालेदार देसी शराब की 9 बोतल दिल्ली मार्का के साथ गिरफ्तार किया गया। जिले की अन्य टीम द्वारा कोटगांव फाटक के पास सीमेंट के गोदाम के पास दो तुषार पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी मोदीनगर एवं अंकित पटेल पुत्र राम नरेश पटेल निवासी न्यूरिया पीलीभीत को 20 खाली बोतल, 60 ढक्कन एवं अन्य प्रांत के 45 पौवो के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि दिल्ली से गाजियाबाद में शराब तस्करी रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं। शराब तस्करों को भी सबक सिखाया जा रहा है।