प्राथमिक विद्यालय अमीरपुर गढ़ी में पुस्तक पाकर खिले बच्चो के चेहरे

गाजियाबाद। मुरादनगर के प्राथमिक विद्यालय अमीरपुर गढ़ी में शनिवार को नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण के साथ-साथ परीक्षा फल एवं मेधावी छात्रों को पारितोषिक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ अनुज त्यागी ने बताया कि सत्र 2022-23 के सभी बच्चों को परीक्षा फल के साथ-साथ जिन बच्चों ने कक्षा में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त किया है।

उन सभी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए ताकि अन्य बच्चो को भी प्रेरणा मिल सके। शासन द्वारा इस वर्ष नवीन सत्र प्रारंभ होने से पहले ही बच्चों की निशुल्क पाठ्य पुस्तकें विद्यालयों में उपलब्ध करा दी गई है। जिसको लेकर अभिभावकों, बच्चों एवं शिक्षकों में खासा उत्साह है। इस अवसर पर विद्यालय में निशुल्क पाठ्य पुस्तकों का भी वितरण करा दिया गया ताकि बच्चे नए सत्र में नवीन पुस्तकों के साथ अपनी शिक्षा की शुरुआत कर सके।

शिक्षकों द्वारा अभिभावकों के साथ स्कूल चलो अभियान एवं निपुण भारत मिशन पर भी विस्तृत रूप से चर्चा की गई एवं अभिभावकों को प्रेरित किया गया। उनसे अपील की गई कि वे बच्चों को विद्यालय में नियमित रुप से भेजें और उनकी शिक्षा की  तरफ विशेष ध्यान दें। इस अवसर पर  प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ अनुज त्यागी, ब्लाक अध्यक्ष अमित यादव, संयुक्त मंत्री प्रमोद सिरोही, श्रुति तिवारी रामकिशोर गौतम आदि उपस्थित रहे।