नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ बोले नगर निगम में कर्मचारियों का हित रहेगा सर्वोपरि

-महापौर-नगर आयुक्त ने लिपिक बने 16 कर्मचारियों को सौंपे पत्र

गाजियाबाद। नगर निगम के कर्मचारियों की मांग के बाद डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी (डीपीसी) द्वारा 16 कर्मचारियों को अनुचर से पदोन्नति करते हुए द्वितीय श्रेणी लिपिक बनाया गया है। बुधवार को नगर निगम सभागार में महापौर सुनीता दयाल एवं नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने पदोन्नत हुए कर्मचारियों को प्रमोशन के पत्र वितरित किए। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों का हित सर्वोपरि है। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार, संजय शर्मा, नितिन आदि ने कर्मचारियों के प्रमोशन किए जाने पर धन्यवाद प्रकट किया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।

नगर निगम कर्मचारी संघ की मांग को पूरा करते हुए नगर आयुक्त के नेतृत्व में सामान्य अधिष्ठान के कर्मचारियों का प्रमोशन किया गया। यह पिछले तीन साल से लंबित चल रहा था। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए डीपीसी पर कार्रवाई कराई गई। इसके बाद निगम के 16 कर्मचारियों को अनुचर पद से पदोन्नति किए जाने के बाद वरिष्ठता एवं शिक्षा के आधार पर द्वितीय श्रेणी लिपिक बनाए गए। जबकि 15 कर्मचारियों को अनुचर पद पर समायोजित किया गया।महापौर एवं नगर आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को पदोन्नति पत्र देते हुए उनके प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी। नगर आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को मन लगाकर अपना कार्य करने के लिए उत्साहित किया। निगम कर्मचारियों का हित सर्वोपरित है,इनके हित को ध्यान में रखते हुए अधिकारी लगातार प्रयासरत है।