-गर्मी में स्वास्थ्य के प्रति निर्वाचन कर्मियों को किया जाए सजग: इन्द्र विक्रम सिंह
गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर लोकसभा सीट की आगामी 4 जून को होने वाली मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने अब तैयारी तेज करना शुरू कर दी है। गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में होने वाली मतगणना के लिए पंडाल सजने लगा है। वहीं, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता एवं बैठने के लिए उपयुक्त स्थान का भी चिन्हांकन कर किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी रणविजय सिंह, एसडीएम संतोष कुमार राय, एसडीएम सदर अरूण दीक्षित आदि अधिकारियों के साथ स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। उन्होंने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करने के बाद मतगणना स्थल की तैयारियों का भी जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुविधा के अनुसार हर छोटी से छोटी बात का ख्याल रखें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतगणना की तैयारियां में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, शौचालय सहित अन्य व्यवस्था दुरूस्त रहनी चाहिए। गोविंदपुरम स्थित अनाज मंडी में बनाए गए ईवीएम के स्ट्रांग रूम की त्रिस्तरीय सुरक्षा में निगरानी हो रही है। उन्होंने कहा कि मतगणना के दिन चार जून को सुरक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की छोटी से छोटी चूक भी नहीं होनी चाहिए।
लोगों के बैठने आदि के लिए छायादार जगह की व्यवस्था होनी चाहिए।गर्मी को मौसम होने के चलते जगह-जगह पर पानी की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने सभी निर्वाचन कर्मियों को गर्मी से बचाव के लिए पहले ही निर्देशित करते हुए सलाह दी जाए। गर्मी होने पर उससे बचाव के लिए क्या-क्या करना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्ट्रांग रूम के कैमरे भी चेक कएि। इसके बाद पंडाल से लेकर स्ट्रांग रूम का चारों तरफ से निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम व मॉनिटरिंग रूम में बैठकर एलईडी स्क्रीन व कैमरों का भी निरीक्षण किया।

















