सीईओ यीडा के भविष्य का खाका खींचा, छह हजार हेक्टेयर जमीन खरीदेंगे

ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह यीडा सिटी को नया रूप देने में जुटे हैं। इसके लिए वह छह हजार हेक्टेयर से अधिक जमीन खरीदेंगे। जमीन खरीदने और सेक्टर विकसित करने पर करीब एक लाख करोड़ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने बताया कि 40 गांव की जमीन में 16 सेक्टर विकसित किए जाएंगे। 1600 हेक्टेयर सहमति के आधार पर खरीद चुके हैं। जबकि 4500 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण होगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया गया है। 350 हेक्टेयर जमीन का पुर्नग्रहण किया जाएगा। जमीन खरीदने में करीब 13 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अलावा सेक्टर को विकसित करने पर 63 हजार करोड़ रुपये लगने का अनुमान है। इसके लिए पूरी योजना तैयार कर ली गई है।

एक क्लिक पर मिलेगी जानकारी
यमुना प्राधिकरण के सेक्टरों से लेकर संपत्ति की जानकारी जल्द ही माउस के क्लिक पर उपलब्ध होगी। जियो टैगिंग के जरिये सड़क, बिजली लाइन से लेकर परियोजना की स्थिति और किसी भी भूखंड की लोकेशन की जानकारी मिल सकेगी। प्राधिकरण नक्शा व ढांचागत सुविधाओं को ऑनलाइन करने जा रहा है। लोगों की सुविधा के लिए प्राधिकरण नियोजित क्षेत्र की जानकारी ऑनलाइन करने की तैयारी कर रहा है। इसमें भूखंड, ढांचागत सुविधाएं, परियोजना आदि की जियो टैगिंग की जाएगी। प्राधिकरण क्षेत्र में संपत्ति खरीदने वाले, आवंटी से लेकर निवेशक माउस के क्लिक पर जानकारी हासिल कर सकेंगे।