बदमाशों पर फिर बरपा डीसीपी सिटी का कहर, पुलिस ने पकड़े पांच मोबाइल लुटेरे, एक को किया लंगड़ा

-मौज-मस्ती और महंगे शौक पूरा करने के लिए राहगीरों से करते थे लूटपाट
-लूट के 41 मोबाइल समेत चोरी के चार वाहन बरामद

गाजियाबाद। अपराधियों पर गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस कहर बनकर टूट रही है। पुलिस लगातार बदमाशों पर अपना शिकंजा कसती जा रही है। डीसीपी सिटी राजेश कुमार की टीम की एक बार फिर पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गए, साथ ही गिरोह में शामिल चार अन्य को भी गिरफ्तार किया है। इससे एक दिन पूर्व गिरोह में शामिल एक बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। नगर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में मौज-मस्ती और महंगे शौक को पूरा करने के लिए राहगीरों से मोबाइल लूट और वाहन चोरी की वारदातों अंजाम देने बदमाशों के गैंग का पर्दाफाश किया है। शुक्रवार देर रात चेकिंग में चार बदमाश पकड़े। उनसे पूछताछ के आधार पर पांचवें बदमाश को पकडऩे गई पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से आरोपी घायल हो गया। जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जेल भेज दिया गया।

शनिवार को नगर कोतवाली में मोबाइल लूट व वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए डीसीपी सिटी राजेश कुमार ने एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी और एसएचओ अनुराग शर्मा की मौजूदगी में बताया कि गुरुवार रात एक घंटे में दो लूट करने वाले एक बदमाश को शुक्रवार तड़के पकड़ा था। उसके ही पांच साथी देर रात पकड़े गए हैं। पकड़े गए बदमाशों के नाम आरिफ, गुड्डू उर्फ सलमानी, सोनू उर्फ मोसीन, समीर और मुठभेड़ में घायल बदमाश आसिफ है। 6 लोगों का एक संगठित गिरोह है। जिनके कब्जे से विभिन्न कंपनी के महंगे 41 मोबाइल, दो तमंचा, दो कारतूस, चोरी की चार बाइक, एक स्कूटी और 13 हजार रुपये नगद बरामए हुए है। आरोपी पिछले काफी समय से लूट व चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। बाजारों में भीड़ बढ़ने पर आपराधिक घटनाएं ना हो, इसको लेकर डीसीपी सिटी की टीम भी अलर्ट हो गई है। बाजारों में पुलिसकर्मियों के ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं।

सोनू उर्फ मोहसीन, आरिफ, समीर और गुड्डू के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। जो कि पूर्व में भी जेल जा चुके है। गुड्डू उर्फ सलमानी विजय नगर क्षेत्र में सैलून की दुकान चलाता है और रात में अपने साथियों के साथ मिलकर राहगीरों से मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देता था। डीसीपी ने बताया पकड़े गए आरोपी महंगे शौक और मौज-मस्ती के लिए मोबाइल लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। जो कि नगर कोतवाली, विजय नगर, सिहानीगेट, नंदग्राम, कविनगर, मधुबन बापूधाम, साहिबाबाद, इंदिरापुरम, कौशांबी समेत अन्य क्षेत्र में चोरी की बाइक से बुजुर्ग महिला एवं सड़क पर फोन पर बात करते चल राहगीरों को अपना निशाना बनाते थे। विरोध करने पर डराने के लिए साथ में तमंचा भी रखते थे। आरोपी अब तक सौ से अधिक मोबाइल लूट कर बेच चुके है। बदमाशों को पकडऩे वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। साथ ही बदमाशों से पूछताछ में चोरी एवं लूट के मोबाइल खरीदने वाले की जानकारी मिली है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।