पथ विक्रेताओं की समस्या के समाधान के लिए नगर आयुक्त ने जोनल प्रभारियों के साथ की बैठक

-साप्ताहिक बाजार के लिए स्वास्थ्य विभाग व जोनल की टीम करेंगी संयुक्त सर्वे: विक्रमादित्य सिंह मलिक

उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा पैठ बाजार लगाने वालों और पथ विक्रेताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शुक्रवार को सभी जोन के जोनल प्रभारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में साप्ताहिक बाजारों के लिए कार्य योजना बनाई गई। जिसमें सभी उपस्थित जनों को सर्वे करने के निर्देश दिए। जोनल प्रभारी पथ विक्रेताओं का सर्वे करेंगे, जिसके आधार पर गाजियाबाद नगर निगम एवं टाउन वेंडिंग कमेटी पॉलिसी बनाएगा। साथ ही ऐसी स्थान को भी चिन्हित किया जाएगा जहां पर अस्थाई रूप से बाजारों को लगाया जा सकें। नगर आयुक्त के इस प्रयास से पैठ बाजार और पथ विक्रेताओं को सहूलियत मिलेगी।

अरुण कुमार यादव अपर नगर आयुक्त ने बताया साप्ताहिक बाजार के लिए कार्य योजना बनाया जा रहा है। जिसमें ऐसे स्थानों को शहर में चिन्हित किया जाएगा। जहां पर अस्थाई समाधान पथ विक्रेताओं को दिया जाएगा। समस्त जोन की टीम लगभग 5 दिन के भीतर सर्वे करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके लिए 13 फरवरी को टाउन वेंडिंग कमेटी के माध्यम से प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए निर्णय लिया जाएगा। नगर निगम जहां आवागमन को सरल बनाने के लिए कार्य कर रहा है तो वहीं अवैध अतिक्रमण को हटा रहा है। वहीं नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा अधिकारियों के साथ साप्ताहिक बाजारों की समस्या के समाधान के लिए बैठक भी की गई है। बैठक में स्थान का सर्वे करने के साथ-साथ पथ विक्रेताओं का सर्वे करने के लिए भी आदेश दिए गए हैं। अंतिम निर्णय टाउन वेंडिंग कमेटी के माध्यम से होगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र व समस्त जोनल प्रभारी उपस्थित रहे।