-नई टाउन वेंडिंग कमेटी के गठन की प्रक्रिया तेज, नगर आयुक्त ने वर्चुअल बैठक कर लिया फीडबैक
-वेंडिंग जोन का चिन्हांकन और बाजारों की व्यवस्था पर विशेष जोर
-अगले चरण में होगी बैठक, पथ विक्रेताओं के लिए होगा बड़ा निर्णय
उदय भूमि
गाजियाबाद। नगर निगम गाजियाबाद द्वारा नई टाउन वेंडिंग कमेटी के गठन की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शनिवार को वर्चुअल बैठक कर सभी जोनल प्रभारियों और विभागीय अधिकारियों से फीडबैक लिया। इस दौरान नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर नवनिर्वाचित टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों की सूची तैयार कर प्रस्तुत की जाए। बैठक में साप्ताहिक बाजारों को व्यवस्थित करने, नए बाजार स्थलों के चिन्हांकन और पथ विक्रेताओं के लिए सुविधाओं को विकसित करने पर विशेष चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने जोर दिया कि नगर निगम द्वारा पीली पट्टी की सीमा रेखा खींची गई है, जिससे बाजार पूर्व की भांति सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
नगर निगम के जनप्रतिनिधियों और व्यापारिक संगठनों के सहयोग से पथ विक्रेताओं की समस्याओं का समाधान निकालने में जुटा हुआ है। नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम शहर में सुव्यवस्थित बाजारों और वेंडिंग जोन विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है, जिससे व्यापारियों और पथ विक्रेताओं को राहत मिलेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुचारू होगी। नगर निगम जल्द ही नई टाउन वेंडिंग कमेटी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करेगा, जिसमें व्यापारियों और पथ विक्रेताओं के लिए कई बड़े फैसले लिए जाएंगे। गाजियाबाद में बाजारों को व्यवस्थित करने की यह पहल शहर की अर्थव्यवस्था और व्यापारिक गतिविधियों को सुचारू करने में मील का पत्थर साबित होगी। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव एवं अवनींद्र कुमार, चीफ इंजीनियर एन.के. चौधरी, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह मौजूद रहे।
नई टाउन वेंडिंग कमेटी के गठन की प्रक्रिया तेज
• सभी जोन में नियमों के अनुसार टाउन वेंडिंग कमेटी के सदस्यों का चयन जारी है।
• पथ विक्रेताओं का जोन-वाइज रजिस्ट्रेशन भी पूरा कर लिया गया है।
• नॉन-वेंडिंग जोन की घोषणा की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है।
• साप्ताहिक बाजारों को व्यवस्थित करने के लिए योजना तैयार की जा रही है।
• व्यापारी संगठनों और पथ विक्रेताओं के साथ जल्द बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाएंगे।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक का कहना है कि नगर निगम टाउन वेंडिंग कमेटी के गठन की प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार आगे बढ़ा रहा है। सभी जोनल प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे दो दिन के भीतर नवनिर्वाचित टाउन वेंडिंग कमेटी की सूची प्रस्तुत करें। हमारा लक्ष्य पथ विक्रेताओं को उचित स्थान और सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे उनका व्यवसाय सुचारू रूप से चले और शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो। हमने बाजारों को व्यवस्थित करने और वेंडिंग व नॉन-वेंडिंग जोन के चिन्हांकन की प्रक्रिया तेज कर दी है। साप्ताहिक बाजारों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए भी कार्ययोजना बनाई जा रही है। नगर निगम, पथ विक्रेताओं के संगठनों और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से एक संतुलित समाधान की ओर बढ़ रहा है, जिससे व्यापारियों और आम नागरिकों- दोनों को लाभ होगा।

















