ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा पर जिलाधिकारी सख्त

-मासिक निरीक्षण के दौरान दिए कड़े निर्देश, सभी निगरानी व्यवस्थाओं को पूरी सतर्कता से संचालित करने पर जोर

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोकसभा चुनावों के मद्देनजर ईवीएम और वीवीपैट की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सीसीटीवी निगरानी प्रणाली, लॉग बुक, सुरक्षाकर्मी तैनाती और अन्य सुरक्षा उपायों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों की सभी यूनिटें सक्रिय स्थिति में हों और उनकी नियमित जांच सुनिश्चित की जाए। साथ ही कैमरों का बैकअप नियमानुसार सुरक्षित रखा जाए ताकि किसी भी स्थिति में रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक अस्वीकार्य है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह बेहद आवश्यक है कि सभी व्यवस्थाएं पूरी सावधानी से संचालित हों। निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे जिनमें बहुजन समाज पार्टी से मनोज कुमार, भारतीय जनता पार्टी से सुभाष चन्द्र शर्मा और समाजवादी पार्टी से ताहिर हुसैन शामिल थे। इस निरीक्षण से यह संदेश गया है कि जिला प्रशासन चुनाव से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर पूरी तरह सजग है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।