-सुनील शर्मा ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, मोहननगर चौराहा और तुलसी निकेतन पर विशेष निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में विकास कार्यों की गति तेज करने के लिए प्रदेश सरकार ने मानसून से पहले व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को साहिबाबाद विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने जीटी रोड स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नगर विकास, स्वच्छता और अधोसंरचना से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम और जीडीए के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले शहर के सभी नालों की सफाई पूरी की जाए ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स, नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री सुनील शर्मा ने जीडीए को मोहननगर चौराहे का सौंदर्यीकरण शीघ्र कराने तथा फुटओवर ब्रिज पर लगाए गए एस्केलेटर के संचालन को सुचारु करने का निर्देश दिया।
उन्होंने राजनगर एक्सटेंशन और तुलसी निकेतन कॉलोनी के नालों की सफाई के साथ ही जर्जर मकानों के पुनर्निर्माण और सड़कों के सुधार पर जोर दिया। राजेंद्र नगर स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया पार्क के सौंदर्यीकरण के निर्देश के साथ ही उन्होंने यूपीसीडा को सौर ऊर्जा मार्ग को सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने की जिम्मेदारी सौंपी। साथ ही ब्रिज विहार फ्लाईओवर का निर्माण कार्य तेज करने की बात कही। इंदिरापुरम और मकनपुर जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में सीवर लाइन और पानी की पाइप लाइन बिछाने को लेकर नगर आयुक्त से चर्चा की गई। वहीं, खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद के अंतर्गत आने वाले दो सरकारी स्कूलों को ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ योजना में शामिल कर उन्हें उन्नत सुविधाओं से लैस करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में खोड़ा क्षेत्र में निर्मित सरकारी अस्पताल को जल्द शुरू करने और नलकूप लगाने की प्रक्रिया को तेज करने का भी आदेश मंत्री ने दिया। खाद्य सुरक्षा विभाग को बिना लाइसेंस मांस की दुकानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। बैठक के अंत में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मूल मंत्र पर काम करते हुए अधिकारियों को चाहिए कि वह योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जनपद का चहुंमुखी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग इस लक्ष्य को लेकर समन्वित प्रयास करें।

















