-श्री केदारनाथ धाम में दिव्य श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य समापन
-2013 की आपदा में दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु हुआ आध्यात्मिक अनुष्ठान, श्रद्धा व सेवा का अनूठा संगम
उदय भूमि संवाददाता
रुद्रप्रयाग/केदारनाथ। उत्तराखंड की पवित्र भूमि श्री केदारनाथ धाम एक बार फिर आस्था, भक्ति और आत्मिक चेतना की दिव्य ऊर्जा से आलोकित हो उठा। वर्ष 2013 में केदारनाथ त्रासदी में दिवंगत हुईं हज़ारों आत्माओं की शांति के उद्देश्य से श्रावण मास की शुक्ल प्रतिपदा से अष्टमी तक आयोजित श्रीमद्भागवत साप्ताहिक ज्ञानयज्ञ का शनिवार को समापन भव्यता, श्रद्धा और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस सात दिवसीय महायज्ञ में भारत ही नहीं बल्कि विदेशों से आए श्रद्धालुओं, तीर्थपुरोहितों, केदारघाटी के नागरिकों और समाजसेवियों ने भाग लिया। पूरा श्री केदारनाथ धाम भागवत भक्ति और वेद ऋचाओं की स्वर लहरियों से गुंजायमान रहा। श्री केदार सभा के अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी ने इस ज्ञान यज्ञ को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी सेवाभावियों, तीर्थयात्रियों, मीडिया सहयोगियों और स्थानीय जनता का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि इस दिव्य आयोजन का उद्देश्य केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि उन हज़ारों आत्माओं को श्रद्धांजलि देना था, जिन्होंने 2013 की विनाशकारी आपदा में जीवन खोया।
उनकी आत्मा को शांति और मुक्ति देना ही हमारा उद्देश्य रहा। मैं देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं, समर्पित कार्यकर्ताओं और समस्त पुरोहित समाज का आभारी हूं, जिन्होंने अपने तन-मन-धन से इस आयोजन को सफल बनाया। अध्यक्ष पं. राजकुमार तिवारी ने हा कि यह केवल श्रीमद्भागवत कथा नहीं थी, बल्कि उन हज़ारों पुण्यात्माओं को समर्पित एक श्रद्धासुमन था, जिन्होंने 2013 की भीषण आपदा में अपना जीवन खोया। हम सबने मिलकर उनके लिए दिव्य वातावरण में यह ज्ञानयज्ञ किया, ताकि उनकी आत्मा को शांति और दिव्य गमन का मार्ग मिल सके। मैं उन सभी श्रद्धालुओं, सेवादारों, तीर्थ पुरोहितों और दूर-दराज़ से आए लोगों का आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने तन-मन-धन से इस अनुष्ठान को सफल बनाया।
यह आयोजन हम सबके लिए एक आध्यात्मिक उत्तरदायित्व भी था, जिसे पूरे श्रद्धा भाव से निभाया गया। भविष्य में भी हम हर वर्ष इस तरह के आयोजनों के माध्यम से न केवल दिवंगतों को स्मरण करेंगे, बल्कि समाज को सनातन मूल्यों से जोड़ने का संकल्प भी दोहराएंगे। इस पुण्य कार्य में कई वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित, पुरानी पीढिय़ों के ब्राह्मण गण, केदारसभा पदाधिकारी, धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और स्थानीय समाजसेवी में मुख्य यजमान पं. राजकुमार तिवारी के साथ-साथ उपाध्यक्ष विष्णु कान्त कुर्मांचली, पं. लक्ष्मीनारायण जुगरान, महामंत्री राजेंद्र प्रसाद, मंत्री अंकित सेमवाल, कोषाध्यक्ष प्रवीण तिवारी, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित तेज प्रकाश त्रिवेदी, रोशन त्रिवेदी, आचार्य संजय तिवारी, संजय शुक्ला, देवेश बाजपेई, सुरेश बगवाड़ी, प्रदीप शर्मा जैसे गणमान्यजन मौजूद रहे। पं. पंकज शुक्ला, मीडिया प्रभारी के रूप में निरंतर संवाद बनाए रखते रहे और देशभर के श्रद्धालुओं तक आयोजन की जानकारी पहुंचाई।
आत्मिक आह्वान और श्रद्धा से भरपूर रहा हर क्षण
पूरे सप्ताह चली इस कथा में विद्वान आचार्यों ने श्रीमद्भागवत के गूढ़ रहस्यों, जीवन दर्शन, श्रीकृष्ण की लीलाओं और सनातन संस्कृति की महिमा का अद्भुत वर्णन किया। कथा स्थल पर प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु एकत्र हुए और सात्विक वातावरण में कथा श्रवण कर पुण्य अर्जित किया।
हवन, पूर्णाहुति और पिंडतर्पण ने दिया आत्माओं को दिव्य गमन का मार्ग
समापन दिवस पर विशाल हवन, पूर्णाहुति, पिंड तर्पण और अंत में दिवंगत श्रद्धालुओं के चित्रों का पित्रकुंड में विसर्जन करते हुए कार्यक्रम को भावभीनी विदाई दी गई। उस क्षण समस्त परिसर भावविह्वल हो गया, जब शांति के मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं की आँखों से अश्रुधारा बह निकली।
साप्ताहिक कथा नहीं, एक राष्ट्रीय आत्मश्रद्धांजलि
यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं था, यह भारत की आध्यात्मिक संस्कृति, सेवा परंपरा और राष्ट्रीय स्मृति का प्रतीक बन गया। श्री केदारनाथ की धामभूमि ने इस कथा के माध्यम से उन सभी को श्रद्धांजलि दी जो कभी यहां दर्शन को आए थे और यहीं जीवन समर्पित कर दिया।
दिवंगतों की स्मृति को जीवित रखने की प्रेरणा
कथा समापन के उपरांत पं. राजकुमार तिवारी ने कहा कि हम भले ही उन्हें खो चुके हैं, पर उनकी स्मृति, उनका बलिदान और उनका आशीर्वाद इस भूमि में समाहित है। यह कथा उन सबके लिए थी, जिन्होंने कभी केदारनाथ से नाता जोड़ा था। अब यह हम सबकी जिम्मेदारी है कि उनकी स्मृति को श्रद्धा से सहेजें।
भविष्य में हर वर्ष होगा आयोजन – केदारसभा का संकल्प
श्री केदार सभा ने यह भी संकल्प लिया कि भविष्य में हर वर्ष इस प्रकार की श्रीमद्भागवत कथा एवं दिव्य अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिससे दिवंगत आत्माओं को निरंतर श्रद्धांजलि और समाज को प्रेरणा मिलती रहे।

















